रीवा

अचानक महिला के पीछे पड़ी मधुमक्खियां, जान बचाने थाने भागी, पुलिसकर्मी ने दिखाई हिम्मत

Bees Attack: रीवा में एक विक्षिप्त महिला पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह थाने भागी।

2 min read
Mar 22, 2026
Swarm of Bees Attack mentally ill woman (Patrika.com)

MP news: मध्य प्रदेश के रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक चौंकाने वालों खबर सामने आई। यहां एक विक्षिप्त महिला (दिमागी रूप से बीमार) पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला (Bees Attack) कर दिया। यह घटना थाने के सामने स्थित पानी की टंकी के पास हुई, जहां लंबे समय से मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ है। महिला जैसे ही टंकी के नीचे से गुजर रही थी, तभी अचानक मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और उस पर टूट पड़ीं।

ये भी पढ़ें

3800 करोड़ से MP में बनेगी फोरलेन सड़क, 50 गांवों से गुजरेगी रोड, जल्द शुरू होगा काम

दर्द से चिल्लाती रही महिला, दौड़कर पहुंची थाने

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही सेकंड में मधुमक्खियों का झुंड महिला के चारों ओर मंडराने लगा और उसे बुरी तरह काटने लगा। हमले से घबराई महिला दर्द से चिल्लाते हुए अपनी जान बचाने के लिए भागी और सीधे बैकुंठपुर थाने की ओर पहुंच गई। मधुमक्खियां उसका पीछा करते हुए थाने परिसर तक आ गईं, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों में हड़कंप मच गया।

पुलिसकर्मी ने दिखाई हिम्मत

अचानक हुए इस घटनाक्रम से थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मी पहले तो कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन तभी वहां मौजूद प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र तिवारी ने हिम्मत और समझदारी दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने खुद कंबल ओढ़ा और महिला के पास जाकर धुआं करने का प्रयास किया। धुएं के प्रभाव से मधुमक्खियां धीरे-धीरे दूर हटने लगीं, जिससे महिला को राहत मिली।

महिला को भेजवाया गया अस्पताल, हालत स्थिर

वीरेन्द्र तिवारी की इस तत्परता और साहसिक कदम की वजह से महिला की जान बच सकी। इसके बाद तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी गई और घायल महिला को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला को शरीर के कई हिस्सों में मधुमक्खियों ने काटा है, लेकिन फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

लोगों में डर, छत्ते को हटाने की रखी मांग

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोग मधुमक्खियों के हमले से भयभीत नजर आए और कुछ समय के लिए क्षेत्र में आवागमन भी प्रभावित रहा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पानी की टंकी पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते को जल्द से जल्द हटाया जाए।

करेंगे कार्रवाई- थाना प्रभारी

थाना प्रभारी घनश्याम मिश्रा ने बताया कि महिला पर मधुमक्खियों का हमला हुआ था, लेकिन समय रहते पुलिसकर्मी की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग को सूचना देकर छत्ते को हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। (MP news)

ये भी पढ़ें

अभी-अभी: MP के एक और जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मौके पर पहुंचा बॉम्ब स्क्वाड

Published on:
22 Mar 2026 07:31 pm
Also Read
View All

अगली खबर