रीवा

न्यूरोलॉजी और रक्तजनित बीमारी से पीडि़त है बच्चा तो रीवा मेडिकल कॉलेज में है उपचार, जानिए कैसे

मेडिकल कॉलेज के अस्पताल की ओपीडी में बैठते हैं ये डॉक्टर, दस रुपए की पर्ची पर होता है उपचार
2 min read
• •
Updated: 18 Jul 2018, 12:22 PM IST
Feature image

रीवा। चिकित्सा क्षेत्र में अब विशेषज्ञता मायने रखती हैं। गंभीर बीमारियों के इलाज को विशेषज्ञ डॉक्टरों की नितांत जरूरत विंध्य क्षेत्र को रही है। श्यामशाह मेडिकल कॉलेज में कुछ विशेषज्ञ डॉक्टर आ गए हैं। जो सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा प्रदान कर रहे हैं। इनके आने से बच्चों की रक्तजनित, न्यूरोलॉजी, जन्मजात विकृति संबंधी गंभीर बीमारियों का उपचार सस्ता हो गया है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में ये डॉक्टर बैठते हैं।

1-डॉ. सौरभ पटेल नवजात शिशु विशेषज्ञ।
पूरे विंध्य में नवजात बच्चों के एक मात्र विशेषज्ञ डॉ. सौरभ पटेल जीएमएच के स्पेशल न्यूबार्न केयर यूनिट के इंचार्ज हैं। हैदराबाद से नियोनेटोलॉजी में फेलोशिप होने के बाद यहां सेवाएं दे रहे हैं। इनके आने से प्री-मेच्योर और जन्मजात विकृति के बच्चों की गंभीर समस्या का इलाज सुलभ हो गया है। नवजात शिशुओं की जिंदगी बचने लगी है। जिससे संभाग में शिशु मृत्युदर में कमी आना निश्चित है।

2-डॉ. दीपक द्विवेदी, पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजिस्ट।
बच्चों में मिर्गी, न्यूरो प्राब्लम और मेंटल डेवलपमेंट से संबंधित बीमारियों का उपचार विंध्य में सुलभ हो गया है। अमेरीका से पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी में फेलोशिप कर लौटे डॉ. दीपक द्विवेदी जीएमएच में सेवाएं दे रहे हैं। बच्चों के दिमागी विकास के लिए अलग से क्लीनिक शुरू कर दी है। जिससे मानसिक, शारीरिक रूप से कमजोर बच्चे उपचार बाद सामान्य जिंदगी जी सकेंगे। विंध्य में कुपोषण की वजह से इस तरह की बीमारी बच्चों में बहुतायत रही है। विशेषज्ञ के अभाव से लोग जबलपुर इंदौर जाते थे।

3-डॉ. सौरभ सक्सेना, प्लास्टिक सर्जन।
विंध्य में प्लास्टिक सर्जन की कमी हमेशा खली है। लेकिन कुछ महीने पहले डॉ. सौरभ सक्सेना की नियुक्ति से अब इस क्षेत्र में भी चिकित्सीय सुविधाएं मिलने लगी हैं। भविष्य में इस क्षेत्र में और बेहतर होने की उम्मीद है। प्लास्टिक सर्जन डॉ.सक्सेना कहते हैं कि अब नस कट जाने पर, अंगुलियां कट जाने, आंख के नस में समस्या, जलने के बाद का उपचार सहित अन्य प्लास्टिक सर्जरी रीवा में संभव है। जबलपुर और नागपुर जाने की कोई जरूरत नहीं है। पूरे विंध्य में इकलौते प्लास्टिक सर्जन हैं।

4-डॉ. गौरव त्रिपाठी, ब्लड एवं कैंसर रोग विशेषज्ञ।
विंध्य में थैलेसेमिया रोगियों की तादाद बहुत है। रक्त जनित बीमारियों और कैंसर से बड़ी संख्या में बच्चे पीडि़त हैं। इनका इलाज अब रीवा में संभव है। जीएमएच और जिला अस्पताल में डॉ. गौरव त्रिपाठी सेवाएं दे रहे हैं। पूरे प्रदेश में इकलौते पीडियाट्रिक हीमेटोलॉजी आंकोलॉजिस्ट हैं। इनके आने से थैलेसेमिया, सिकल सेल एनीमिया और हीमोफिलिया के रोगियों का उपचार सुलभ हो गया है।

5-डॉ. राजपाल सिंह सिसोदिया, पीडियाट्रिक सर्जन।
विंध्य में बच्चों की सर्जरी की बड़ी समस्या थी। पीडियाट्रिक सर्जन के अभाव में केस जबलपुर रेफर होते थे। रास्ते में ही बच्चों की मौत हो जाती थी। पर अब सर्जरी संभव है। जीएमएच में पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. राजपाल सिंह सिसोदिया के आने से यह उम्मीद पूरी हुई है। जन्मजाम बच्चों की बड़ी से बड़ी विकृति सर्जरी के द्वारा ठीक की जा रही है। पीडियाट्रिक ओटी चालू होने के बाद और बेहतर चिकित्सा मिलने लगेगी।

Published on: