रीवा

पुलिस ने किया कुछ ऐसा इंतजाम कि, वारदात के बाद अपराधियों को भागने में होगी मुश्किल

शहर में लगने वाले सीसीटीवी कैमरों का आरआई ने किया निरीक्षण, मानीटर सिस्टम लगाने का काम जल्द पूरा करने के निर्देश
2 min read
• •
Updated: 19 Feb 2018, 8:24 PM IST
protection from crime
protection from crime

रीवा. शहर में लगने वाले सीसी टीवी कैमरों का काम अंतिम दौर में पहुंच गया है। जल्द ही शहर में लगने सीसी टीवी कैमरे काम करने लगेंगे और पूरे शहर में तीसरी आंख का पहरा होगा। हासिल जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा रीवा में सीसी टीवी कैमरे लगवाने का काम कराया जा रहा है जिसका काम कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। उक्त निर्माण कार्य का रविवार को आरआई जेपी आर्या द्वारा निरीक्षण कर कार्यों की जानकारी ली गई।

काम जल्द हो जायेगा पूरा

शहर में लगने वाले सीसी टीवी कैमरे का काम जल्द पूरा हो जायेगा। वर्तमान में कंट्रोल रुम परिसर में मानीटर रुम बनाया जा रहा है जहां से पूरे शहर के कैमरे कंट्रोल होंगे। इसके अतिरिक्त कैमरों के लिए हैवी जनरेटर लगाया जा रहा है जिसके लिए भी कंट्रोल रुम के बगल में चबूतरा बनाया गया है। वर्तमान में पूरे शहर में कैमरे निर्धारित स्थलों पर लगा दिये गये है और अब सिर्फ सिस्टम के चालू होने का इंतजार है। माना यह जा रहा है कि दो माह के अंदर उक्त काम पूरा हो जायेगा और पूरे शहर में तीसरी आंख का पहरा होगा।

शहर के 142 स्थानोंं में लगाये जायेंगे कैमरे
शहर के लगभग सभी चौराहों में सीसी टीवी कैमरे लगने वाले है। कुल 142 स्थानों में तीन प्रकार के कैमरे लगाये गये है जो अपराधियों की हर गतिविधियों पर नजर रखेंगे। वारदात को अंजाम देकर भागने वाले आरोपियों को ट्रेस करना पुलिस के लिए भी आसान होगा।

पुलिस लाइन में बनेगा चार डाग कैनाल
पुलिस विभाग में डागों के लिए अलग से कैनाल बनवाया जा रहा है जहां पर उनको मौसम के अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित कराई जायेगी। पुलिस लाइन में डाग कैनाल का निर्माण करवाया जा रहा है जिसके लिए सारी कागजी कार्यवाही पूरी कर ली गई है और एक दो दिन में काम शुरू हो जायेगा। उक्त निर्माण के लिए शासन द्वारा पन्द्रह लाख रुपये स्वीकृत किये गये है। उक्त कैनाल में डागो के लिए सारी सुविधाएं होंगी। वर्तमान में पुलिस विभाग के पास चार डाग है जिसमें दो ट्रैकर व दो स्नाइपर डाग शामिल है। वर्तमान में डाग पुराने कमरों में रह रहे है। डाग के लिए पर्याप्त सुविधाएं न होने से अक्सर उनके बीमार होने की समस्या उत्पन्न रहती है। फलस्वरूप पुलिस विभाग उनके लिए बेहतर आवास का निर्माण करवा रहा है।

निर्माण कार्य का आरआई ने किया निरीक्षण
पुलिस लाइन में बनने वाले डाग कैनाल का रविवार को आरआई ने निरीक्षण किया और निर्माणाधीन कैनाल की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य को लेकर कर्मचारियों को निर्देश जारी किये है और सतत निरीक्षण करने का आदेश दिया है ताकि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा हो सके।

जल्द ही काम पूरा करवा लिया जायेगा
जेपी आर्या, आरआई रीवा ने बताया कि शहर में लगने वाले सीसी टीवी कैमरों का निरीक्षण किया गया है। कैमरे नियत स्थानों में लग गये है और अब मानीटर सिस्टम लगाय जा रहा है। जल्द ही उक्त काम को पूरा करवा लिया जायेगा।
पुलिस लाइन में डाग कैनाल का निर्माण करवाया जा रहा है। चार डाग कैनाल पन्द्रह लाख रुपये की लागत से बनेंगे जिसका एक दो दिन में काम शुरू हो जायेगा। उक्त कैनाल में डाग के लिए सारी सुविधाएं मौजूद रहेंगी।

Published on: