
Rewa News :मध्य प्रदेश के रीवा जिले में लूट और हत्याकांड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि, लूट के इरादे से बकरी व्यापारी की हत्या कर बदमाशों ने उनके शव को पहाड़ी की दरार छिपाकर उसे मिट्टी से ढांक दिया। पुलिस की कड़ी छानबीन के दौरान गड्ढे में दफन किया हुआ व्यापारी का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल, पुलिस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की पतासाजी में जुटी हुई है।
जिले के अंतर्गत आने वाले अतरैला थाना इलाके के चौखंडी गांव में रहने वाले 60 वर्षीय लक्खू चिकवा पिता लाला चिकवा गांव-गांव घूमकर बकरियां खरीदने का कारोबार करते थे। रोजाना की तरह वो शुक्रवार को भी घर वालों से चांद देऊखर की तरफ बकरियां खरीदने जाने की बात कहकर निकले थे। शाम तक वे घर वापस लौटकर नहीं आए तो परिजन ने उनकी तलाश शुरु की। तमाम प्रयासों के बावजूद भी घर वालों को उनकी कहीं कोई जानकारी नहीं मिली।
देर रात परिजन अतरैला थाने पहुंचे और लक्खू चिकवा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए गुमशुदा शख्स की शुरू की। परिवार से मिली जानकारी के आधार पर संभावित क्षेत्रों में पुलिस ने सर्चिंग अभियान चलाया, जहां शनिवार को लक्खू की मोपेड बऊलिया घाटी में लावारिस हालत में मिली। समीप ही पुलिस को एक पहाड़ी स्थान पर ताजी मिट्टी नजर आई, जिसे देखने पर प्रतीत हो रहा था कि, हाल ही में उस स्थान पर कुछ पाटा गया हो।
पुलिस को हुए अनहोनी के संदेह के चलते जब उक्त स्थान को खुदवाया गया तो अंदर से व्यापारी की लाश बरामद हो गई। घटना के चलते पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती तफ्तीश में प्रतीत हुआ कि, व्यापारी की गला घोटकर हत्या की गई थी और उसके शव को पहाड़ में बनी दरार में डालकर ऊपर से मिट्टी से पाट दिया गया था। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। आज सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द किया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई जा रही है। व्यापारी बकरियां खरीदने के लिए घर से 10 से 15 हजार रुपए लेकर निकले थे, जो उनके पास रखे हुए थे। सुबह दस बजे तक उन को चांद गांव के आसपास देखा गया था, लेकिन उसके बाद व्यापारी को किसी ने नहीं देखा। आशंका जताई जा रही है कि, व्यापारी की लूट के इरादे से हत्या कर बदमाश उनके रुपए लेकर फरार हो गए। फिलहाल, पुलिस अज्ञात हत्यारों की तलाश में जुट गई है।