रीवा

भारी वाहनों ने तड़के शहर में मचाया कोहराम, सपनों को कुचला

खुटेही व झिरिया के समीप तड़के हुई घटना, युवती ने तोड़ा दम, युवक घायल

2 min read
Jul 09, 2018
road accident

रीवा. शहर में तफरीह करने वाले भारी वाहनों ने शनिवार की सुबह कोहराम मचा दिया। पुलिस के टैंकर से कुचलकर स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई। वहीं युवक की स्कूटी ट्रक की चपेट में आ गई जिसे वह घायल हो गया। शहर में सुबह तक भारी वाहन तफरीह करते हैं जिससे मार्निंगवाक के लिए निकलने वाले लोगों को हर समय खतरा बना रहता है। विवि थाना अन्तर्गत खुटेही मोहल्ले के समीप पुलिस टैंकर से कुचलकर युवती की मौत हो गई। शिवांगी सिंह पिता एके सिंह 28 वर्ष निवासी खुटेही थाना विवि शनिवार की सुबह स्कूटी से जिम जा रही थी। उज्जवल भविष्य के सपनों को सजोए हुए वह अच्छी सेहत के लिए जिम जा रही थी, लेकिन शहर में बखौफ दौड़ रहे भारी वहन ने उसके सपनों को कुचल दिया। युवती खुटेही में पुलिस के टैंकर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रही थी तभी उसकी गाड़ी टैंकर की चपेट में आ गई।

अस्पताल में युवती ने तोड़ा दिया दम
सड़क में गिरी युवती के पैरों से भारी भरकम टैंकर पहिये गुजर गये जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवती को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल पहुंचा दिया। हादसे की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, एसपी पीटीएस, सीएसपी शिवेन्द्र सिंह सहित भारी पुलिस बल अपताल पहुंच गया। चिकित्सकों द्वारा युवती का ऑपरेशन किया गया लेकिन दोपहर युवती ने दमतोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। उक्त टैंकर पीटीएस का था जो सुबह पानी लेने के लिए खुटेही टंकी जा रहा था।

ये भी पढ़ें

बड़ा हादसा: तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से दो महिलाओं समेत तीन की दर्दनाक मौत

कर रही थी ओवरटेक
पुलिस के मुताबिक जिस समय युवती टैंकर को ओवरटेक कर रही थी तभी एक जीप ने भी ओवरटेक किया है। जीप की टक्कर से युवती टैंकर की तरफ गिर गई और वह इस हृदय विदारक हादसे का शिकार बन गई। हालांकि वास्तविक कारण तो पुलिस जांच के बाद ही सामने आयेंगे।

खून देने के लिए पुलिसकर्मी आये आगे
उक्त युवती को जिस समय अस्पताल लाया गया था उसकी हालत काफी खराब थी। चिकित्सकों ने तत्काल युवती का ऑपरेशन करने को बोल दिया था। युवती को आपरेशन के लिए ब्लड की आवश्यकता थी जिसके लिए पुलिसकर्मी आगे आये। पुलिसकर्मियों को लाइन से बुलाया गया। दस पुलिसकर्मियों ने उनको रक्त दिया लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
इस घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल टीम के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डा. आरपी शुक्ला ने भी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने थाने में स्कूटी की भी जांच की। बाद में टक्कर मारने वाले पुलिस के टैंकर की भी पीटीएस में पहुंचकर जांच की। पुलिस घटना की जांच कर भौतिक साक्ष्य जुटाने में लगी है।

ट्रक में फंसकर पांच सौ मीटर तक फिसलती गई स्कूटी, युवक घायल
वहीं एक अन्य घटना में शनिवार की तड़के ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी जिसमें सवार युवक घायल हो गया। आशुतोष तिवारी पिता सुशील 18 वर्ष निवासी सुआरन टोला नईबस्ती पडऱा शनिवार की सुबह स्कूटी में सवार होकर घर जा रहा था। वह जैसे ही झिरिया के समीप पहुंचा तभी उसको तेज रफ्तार ट्रक क्र. एमपी 17 एचएच 1294 ने टक्कर मार दी। युवक उछलकर दूर जा गिरा जबकि स्कूटी ट्रक में फंस गई। स्कूटी करीब पांच सौ मीटर तक फिसलती चली गई। इस दौरान चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें

भीषण सडक़ हादसा! रोडवेज व लोक परिवहन बस की टक्कर में 3 लोगों की दर्दनाक मौत, कई घायल, मची चीख-पुकार
Published on:
09 Jul 2018 05:37 pm
Also Read
View All