रीवा

प्रेक्षक पर भी भरोसा नहीं, संवेदनशील केंद्र पर तैनात रहेगा विशेष पैनल

बोर्ड परीक्षा में नकल पर नकेल लगाने इस बार रहेगा विशेष सतर्कता...
2 min read
Feb 27, 2018
MP Board 10th Supplementary exam
MP Board 10th Supplementary exam

रीवा। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा में सक्रिय नकल माफियाओं की दाल गलती है या नहीं, यह तो परीक्षा शुरू होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। लेकिन नकल पर नकेल कसने की मंसा से यहां जिले में जो तैयारी की गई है। उसे देखते हुए यही जान पड़ता है कि अब की बार परीक्षा केंद्रों में परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा।

मंडल के निर्देश पर सख्ती से अमल
मंडल मुख्यालय से जारी निर्देश पर सख्ती से अमल कराए जाने की रणनीति तैयार की गई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने अन्य दूसरे विभाग के साथ मिलकर नकल पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई है। तय योजना के अनुसार अब की बार संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए जाने वाले प्रेक्षकों पर भी पूरा भरोसा नहीं किया जाएगा।

स्थाई पैनल करेगा क्रॉस चेंकिंग
प्रेक्षकों के अलावा इन केंद्रों पर एक विशेष स्थाई पैनल भी क्रॉस चेंकिंग के लिए परीक्षा पूरे समय के लिए मौजूद रहेगा। संबंधित अधिकारियों को योजना की जानकारी व निर्देश की जानकारी दे दी गई है। साथ ही कहा गया है कि इस वह गंभीरता के साथ अमल करें। लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा के बावत जारी मुख्य निर्देश
- ऐसे २५ परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है, जहां विगत वर्षों में नकल माफियाओं की सक्रियता अधिक रही है।
- इन सभी परीक्षा केंद्रों में प्रमुख विषयों की परीक्षा के दौरान वीडियोग्रॉफी कराई जाएगी। साथ ही एक एसआई सहित पांच पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे।
- संवेदनशील व अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर प्रेक्षक प्रश्नपत्र निकलवाने से लेकर परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिका जमा होने तक उपस्थित रहेंगे।
- परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिए कुल कलेक्टर, एसडीएम, जेडी, डीईओ व बीईओ के कुल २२ पैनलों का गठन किया गया है।
- परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों, कर्मचारियों व शिक्षकों के लिए परिचय पत्र जारी किया जाएगा। ताकि केंद्र में बाहरी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सके।
- केंद्राध्यक्ष को भी मोबाइल प्रयोग की अनुमति नहीं है। कंट्रोल रूम को छात्रों की उपस्थिति संबंधित सूचना देने केवल एक बार मोबाइल का प्रयोग कर सकेंगे।
- परीक्षा में उत्तरपुस्तिका जमा करते समय छात्रों के अनुक्रमांक पर स्टीकर चस्पा करते हुए कॉपी की कोडिंग कर दी जाएगी।
- परीक्षा शुरू होने के दो घंटे बाद छात्र कक्ष से बाहर निकल सकेगा। लेकिन उससे कॉपी के साथ प्रश्नपत्र भी जमा करा लिया जाएगा।
- परीक्षा केंद्र में प्रवेश और कक्ष में प्रवेश से पहले छात्रों की दो बार तलाशी किए जाने का निर्देश जारी किया गया है।
- विषय संबंधित शिक्षक परीक्षा ड्यूटी से खुद पृथक हो जाएं। सगे-संबंधियों के परीक्षा में शामिल होने की स्थिति में भी ड्यूटी नहीं किया जा सकेगा।
- पर्यवेक्षकों को पहले दिन एक घंटा पहले व बाकी के दिनों में ४५ मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अत्यावश्यक होगा।
- बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी से कोई भी अधिकारी, कर्मचारी व शिक्षक इंकार नहीं कर सकेगा। अवकाश के लिए कलेक्टर से पूर्व अनुमति प्राप्त करना होगा।

Published on:
27 Feb 2018 05:11 pm