
Student read this news, otherwise the board exam will be missed
रीवा। बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं तो छात्र व उनके अभिभावक सतर्क हो जाएं। क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी छात्र का पूरा एक वर्ष बर्बाद करने का कारण बन सकता है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा में इस बार किए गए बदलावों में एक बदलाव छात्रों को प्रश्नपत्र व उत्तरपुस्तिका उपलब्ध कराने में भी किया गया है। परीक्षा के दौरान अब की बार छात्रों को प्रश्नपत्र के बजाए उत्तरपुस्तिका पहले मिलेगी।
10 मिनट पहले मिलेगी उत्तरपुस्तिका
शिक्षा अधिकारियों की माने तो मंडल की ओर इस बावत निर्देश जारी किया गया है कि छात्रों को परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले उत्तरपुस्तिका उपलब्ध करा दी जाए। जिससे छात्र उत्तरपुस्तिका में भी विवरण लिख लें। उत्तरपुस्तिका देने के 5 मिनट बाद छात्रों को प्रश्नपत्र दिया जाए। जिससे छात्र पांच मिनट में प्रश्नपत्र पर गौर फरमा सकें। गौरतलब है कि हाईस्कूल व हायर सेकेंड्री की बोर्ड परीक्षा सुबह नौ बजे से शुरू होगी। छात्रों को सुबह 8.50 बजे उत्तरपुस्तिका और 8.55 पर प्रश्नपत्र दिया जाएगा।
आधे घंटे पहले प्रवेश पर प्रतिबंध
मंडल की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक छात्रों को परीक्षा केंद्र में 8.30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा नौ बजे शुरू होगी और आधे घंटे पहले ही प्रवेश पर प्रतिबंध लग जाएगा। शिक्षा अधिकारियों के मुताबिक छात्रों को इस बात की सूचना दे दी गई है कि वह परीक्षा केंद्र में साढ़े आठ बजे से पहले प्रवेश कर जाएं।
केंद्राध्यक्षों का मोबाइल भी रहेगा लॉक
शिक्षा अधिकारियों के मुताबिक मंडल की ओर से परीक्षा की शुचिता व गोपनीयता को बनाए रखने के लिए यह निर्देश जारी किया गया है। निर्देशों के मुताबिक इस बार केंद्राध्यक्ष भी परीक्षा के दौरान मोबाइल का प्रयोग नहीं कर सकेंगे। उनका मोबाइल केंद्र में ही एक आलमारी में लॉक रहेगा।
कलेक्टर ने बुलाई अधिकारियों की बैठक
बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर कलेक्टर ने मंगलवार को उन सभी अधिकारियों की बैठक बुलाई है, जो परीक्षा के दौरान विशेष निगरानी में रहेंगे। शिक्षा अधिकारियों के मुताबिक कलेक्टर की ओर से बुलाई गई बैठक में सीईओ जिला पंचायत व पुलिस अधीक्षक के अलावा सभी एसडीएम, एसडीओपी, डीईओ व डीपीसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक में कलेक्टर द्वारा परीक्षा के निरीक्षण से संबंधित निर्देश दिए जाएंगे।
Published on:
26 Feb 2018 04:32 pm
बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
