रीवा

राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता: बेसबॉल में मेजबान टीम ने जबलपुर व आदिवासी विकास को दी शिकस्त

बेसबाल में रीवा ने मारी बाजी...
2 min read
• •
Updated: 30 Aug 2018, 10:09 PM IST
State Level School Tennis Volleyball and Baseball Competition in Rewa
State Level School Tennis Volleyball and Baseball Competition in Rewa

रीवा। राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में उद्घाटन के दूसरे दिन आठ टीमों के बीच टेनिस वॉलीबाल व बेसबाल खेल में मुकाबला हुआ। मेजबान यानी रीवा की टीम ने जहां बेसबाल की प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा। वहीं दूसरी ओर टेनिस वॉलीबॉल प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ी बाहरी टीमों के आगे टिक नहीं सके।

बेसबाल में रीवा ने मारी बाजी
दूसरे दिन आयोजित बेसबाल की बालक 19 वर्ष वर्ग की प्रतियोगिता में रीवा की टीम ने आदिवासी विकास विभाग व जबलपुर की टीम को शिकस्त दी। इस खेल में भोपाल और इंदौर के बीच हुए मुकाबले में इंदौर की टीम को जीत मिली। बेसबाल में बालक 17 वर्ष वर्ग में जबलपुर ने उज्जैन को, सागर ने आदिवास विकास की टीम को हराया। सागर व भोपाल के बीच मैच ड्रा हो गया। इसी प्रकार बालिका 19 वर्ष वर्ग में रीवा ने जबलपुर को, ग्वालियर ने सागर व भोपाल को हराया।

टेनिस में भारी पड़े बाहरी टीम के खिलाड़ी
उधर टेनिस वॉलीबाल बालक 19 वर्ष की प्रतियोगिता में ग्वालियर ने उज्जैन को और जबलपुर ने भोपाल की टीम को शिकस्त दिया। इसी प्रतियोगिता के बालक 17 वर्ष वर्ग में जबलपुर ने ग्वालियर को और सागर ने आदिवासी विकास की टीम को हराया। जबकि बालिका 19 वर्ष वर्ग में जबलपुर ने इंदौर की टीम पर, ग्वालियर ने सागर की टीम, आदिवासी विकास ने रीवा की टीम, उज्जैन ने भोपाल की टीम व जबलपुर ने सागर की टीम पर जीत हासिल की। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मार्तण्ड क्रमांक एक में आयोजित प्रतियोगिता में शिक्षा व खेल अधिकारी उपस्थित रहे।

फुटबाल प्रतियोगिता में एसएएफ ब्वॉयज ने मारी बाजी
जिला फुटबाल संघ की ओर से एसएएफ ग्राउंड में एथलेटिक्स गेम व फुटबाल मैच का आयोजन किया गया। खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मैच में विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया गया। संघ पदाधिकारियों के मुताबिक एथलेटिक्स में 100 मीटर की दौड़ में सागर सिंह को प्रथम स्थान मिला। इसी प्रकार 400 मीटर में सचिन सिंह, 1600 मीटर में दिलशाद अहमद और 5000 मीटर की दौड़ में विकास शुक्ला को प्रथम स्थान मिला।

खिलाडिय़ों का किया उत्साहवर्धन
प्रतियोगिता की शुरुआत से पहले मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर संघ कार्यकारी अध्यक्ष रामकीर्ति शर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। अध्यक्षता ओपी रावत ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे मसीहुद्दीन खान ने भी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन अवसर पर जिले के दो बेस्ट अनुशासित फुटबाल खिलाड़ी नीलेश कुमार वर्मा व प्रिंस डैविड को सम्मानित भी किया गया।

एसएएफ ब्वॉयज को मिली विजय
खिलाडिय़ों के सम्मान के बाद एसएएफ ब्वॉयज टीम व ड्रीम एफसी क्लब के बीच फुटबॉल मैच खेला गया। मैच में एसएएफ ब्वॉयज ने 02-01 से जीत हासिल की। विजेता टीम को भी अतिथियों की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संघ के सचिव मो. कासिम खान, रेफरी ब्रजभान रावत, सोमेश तिवारी, विकाश शुक्ल, रोहित कुमार, पटवारी खान, सत्यम साकेत, दीपक त्रिपाठी, श्रीराम वर्मा, राजू वर्मा, संजय सोनी, शशांक गुप्ता, संजय दुबे, विनोद रावत, मोहित पटेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Published on: