
Rewa 13 Year Old Boy Death: मध्यप्रदेश के रीवा में धनतेरस पर एक 13 साल के बच्चे ने घर में अपनी जान दे दी, बच्चा इलेक्ट्रिक बाइक दिलाने की जिद कर रहा था। वो बीते कई दिनों से पिता से कह रहा था कि उसे धनतेरस पर इलेक्ट्रिक बाइक दिला देना। लेकिन जब धनतेरस पर पिता ने बाइक नहीं दिलाई तो वो अपने कमरे में गया और वहीं पर अपनी जान दे दी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
रीवा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में जनता कॉलेज गेट के पास रहने वाले रामभूषण का 13 वर्षीय बेटा लंबे समय से उनसे इलेक्ट्रिक बाइक दिलाने की मांग कर रहा था। छोटू पिता से कहता था कि उसके दोस्तों के पास इलेक्ट्रिक स्कूटी हैं और उसे भी इलेक्ट्रिक बाइक चाहिए। उसने कुछ दिन पहले भी पिता से कहा था कि धनतेरस पर उसे इलेक्ट्रिक बाइक दिला दें। परिजन ने बताया कि छोटू सोशल मीडिया पर भी इलेक्ट्रिक बाइक के वीडियो देखता रहता था।
धनतेरस पर जब पिता ने छोटू को इलेक्ट्रिक बाइक नहीं दिलाई तो वो निराश हो गया और गुस्से में शाम को अपने कमरे में चला गया। परिजन ने सोचा कि थोड़ी देर बाद वापस आ जाएगा लेकिन जब छोटू काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो उन्हें चिंता हुई। जब परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचा तो छोटू अपनी जान दे चुका था। छोटू की हालत देख परिवार के लोग हैरान रह गए और घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को घटनास्थल से कोई नोट नहीं मिला है। शनिवार को छोटू मिश्रा का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।