
Rewa Harassment Allegation: मध्यप्रदेश के रीवा में छेड़छाड़ के आरोप को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सुभाष चौक के पास दो युवतियों ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी रोका और गाड़ी सवार युवक से बहस व विवाद करने के साथ ही स्कॉर्पियो में पत्थर मारकर कांच भी तोड़ दिए। युवतियों काआरोप था कि स्कॉरपियो सवार युवक ने खुटेही के पास उनके साथ छेड़छाड़ की थी। करीब आधे घंटे तक बीच रोड पर सारा हंगामा चलता रहा जिससे मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है, तब एक युवक अपनी स्कॉर्पियो से जा रहा था जैसे ही वो सुभाष चौक के पास पहुंचा पीछे से आई दो युवतियों ने उसकी गाड़ी को रुकवायाऔर खुटेही के पास छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगीं। युवतियों ने आरोप लगाया कि युवक ने उनके साथ गलत हरकत की है, इस बात को लेकर युवतियों और युवक के बीच बहस होने लगी। देखते-देखते बहस बढ़ गई और युवतियों ने गुस्से में आकर युवक के साथ विवाद करते हुए पत्थर उठाकर स्कॉर्पियो के शीशे तोड़ दिए।
करीब आधे घंटे तक बीच रोड पर चले इस हंगामे के कारण लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवतियों हंगामा करती रहीं और लोग तमाशबीन बनकर चुपचाप सब देखते रहे। लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाए और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए जो बुधवार को पूरे शहर में चर्चा का विषय बने। वहीं युवतियों के हंगामे के बीच स्कॉर्पियो सवार युवक ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामे को शांत कराया। थाना प्रभारी मनोज गौतम ने बताया कि युवक ने सुभाष चौक के पास दो युवतियों द्वारा वाहन रोककर तोड़फोड़ किए जाने की सूचना दी थी। लेकिन युवक ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।