
Rewa news:एमपी के रीवा शहर में एक अजीबोगरीब मामला देखने को मिला। मनगवां कस्बे के वार्ड 15 के नगमा मोहल्ले में पुलिस टीम पर बीती आधी रात को कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। इस दौरान डायल 112 वाहन में बैठाकर जिस आरोपी को थाने की ओर ले जाया जा रहा था, वह दौड़कर फरार हो गया। अब पुलिस फरार आरोपी के साथ ही हमला करने वालों की तलाश कर रही है।
जानकारी मिली है कि नगमा में सुंदर यादव और मोहित तिवारी निवासी डेल्ही के बीच विवाद हुआ था। इनके बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर पहले कहासुनी हुई फिर मारपीट भी होने लगी। इसी बीच सुंदर यादव ने डायल 112 को फोनकर बुला दिया। मौके पर डायल 112 का वाहन पहुंचा। जहां पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मोहित तिवारी नाम के युवक को अपने वाहन में बैठाकर थाने की ओर ले जाने का प्रयास किया। इसी बीच युवक के पिता रज्जन तिवारी एवं अन्य स्थानीय लोग पहुंच गए और वाहन को घेर लिया। अचानक पत्थर मारकर डायल 112 गाड़ी के कांच तोड़ दिए गए।
हमले के लिए वाहन के आगे आए लोगों को समझाइश देने पुलिसकर्मी जैसे ही नीचे उतरे और बातचीत में उलझ गए उसी दौरान गाड़ी में बैठा मोहित तिवारी मौके से भाग निकला। पुलिस ने छीनाझपटी और हमला करने वाले लोगों की पहचान शुरू कर दी है, कई लोग चिन्हित हो गए हैं जिनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि नगमा में जहां पर विवाद हुआ वह नगर पंचायत का हिस्सा है। सुंदर यादव घर बनाने का काम करता है और मोहित के साथ उसका पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। कुछ समय पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।
डायल 112 की टीम पर हमला करने की सूचना सामने आई है। संबंधित आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। - गुरुकरण सिंह, एसपी रीवा
वहीं एक अन्य मामले में मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जिस पर पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार लौर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी गत दिवस देवतालाब बाजार गई थी। बाजार से घर लौटते समय बाइक सवार दो युवकों ने कथित तौर पर उसे जबरन रास्ते से उठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे बहुती जलप्रपात के सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म करने का आरोप है।