रीवा

पति तड़पता रहा और प्रेमी से मोबाइल पर बात करती रही पत्नी, शराब में मिलाकर दिया था जहर

बचपन के प्यार को पाने की खातिर महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर उजाड़ा खुद का सुहाग..एक साल बाद पर्दाफाश..
3 min read
• •
Updated: 10 Aug 2022, 8:38 PM IST
rewa.jpg

रीवा. जिसके साथ अग्नि को साक्षी मानकर महिला ने सात जन्म तक साथ जीने-मरने की कसमें खाई थी कि उसी की प्रेमी की चाहत में हत्या कर दी। एक साल पहले हुई हत्या का सच जब अब खुलकर सामने आया तो पुलिस भी हैरान रह गई। बचपन के प्यार को पाने के लिए महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और शराब में जहर मिलाकर पति को पिला दिया। पति रातभर दर्द से तड़पता रहा और पत्नी पास ही बैठी मोबाइल पर प्रेमी से बात करती रही।

एक साल बाद खुला कातिल पत्नी का राज
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विवि थाने के अजगरहा गांव में रहने वाले राजू साकेत की 12 अगस्त 2021 को मौत हो गई थी। अत्यधिक शराब पीने से मौत की आशंका जताई गई थी। वहीं परिजनों ने हत्या का संदेह जताया था। जिसके कारण पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर बिसरा जांच के लिए सागर भिजवाया था। 11 महीने बाद जब बिसरा की रिपोर्ट आई तो पता चला कि शराब में जहर देकर राजू की हत्या की गई थी। बिसरा रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने नए सिरे से जांच की तो उसकी पत्नी अर्चना का मायके लालपुर थाना अमरपाटन में रहने वाले युवक संदीप साकेत पिता के साथ प्रेम प्रसंग होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने जब दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो घटना का हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ।

पूरी रात तड़पता रहा पति, प्रेमी से बात करती रही पत्नी
आरोपियों ने अपना जुर्म करते हुए जो खुलासा किया है वो सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी पत्नी अर्चना ने पुलिस को बताया कि जहर मिली शराब पीने के बाद पति राजू खून की उल्टियां कर रहा था जिसे उसने साफ किया। उसने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया था और पति पूरी रात तड़पता रहा। वो उसके पास बैठकर अपने प्रेमी के साथ मोबाइल पर चैटिंग और बातचीत करती रही। रातभर तड़पते के बाद पति राजू की सुबह मौत हो गई थी जिसके बाद उसको अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया।

प्रेमी ने भिजवाया था जहर
पुलिस के मुताबिक अर्चना और संदीप के बीच शादी के पहले से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी के बाद भी युवती प्रेमी को नहीं भूल पाई। पति उनके प्रेम प्रसंग में आपत्ति करता था जिससे शराब में जहर मिलाकर पिलाने की साजिश रची। प्रेमी ने एक लड़के से जहर की पुड़िया भिजवाई। घटना दिनांक को महिला भी पति के साथ शराब पीने बैठी थी और चुपके से जहर मिला दिया। पति की मौत के बाद महिला ने ससुराल छोड़ दिया और मायके में रहने लगी थी। उसने अपने प्रेमी के साथ 16 फरवरी को नोटरी में शादी भी कर ली थी लेकिन लड़के के घर वालों ने उसको स्वीकार नहीं किया। प्रेमी भी पहले से शादीशुदा था और दूसरी शादी वे स्वीकार करने को तैयार नहीं थे जिससे महिला अपने मायके में ही रह रही थी।

Published on: