
Rewa Woman Death: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में एक युवती ने प्रेमी के द्वारा शादी करने से इंकार करने पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवती को परिजन ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां 7 दिन तक चले इलाज के बाद शनिवार को युवती की मौत हो गई। युवती की मौत के बाद पिता ने प्रेमी युवक पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पिता के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है और हर पहलू से जांच करने की बात कह रही है।
मऊगंज जिले के खुजहा गांव की रहने वाली 21 वर्षीय युवती लक्ष्मी कुशवाहा ने 25 जुलाई को जहर खा लिया था। परिजन उसे हालत बिगड़ने पर रीवा के संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां 7 दिन तक चले इलाज के बाद शनिवार को युवती की मौत हो गई। युवती के पिता इतराज कुशवाह ने अमर कुशवाहा निवासी गोदरी गांव पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि अमर बेटी को कई दिनों से प्रताड़ित कर रहा था और इसी प्रताड़ना से तंग आकर बेटी ने आत्महत्या की है। पुलिस ने पिता के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।
एक तरफ जहां मृतका के पिता के द्वारा अमर कुशवाह पर बेटी को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं वहीं दूसरी तरफ इस तरह की जानकारी मिल रही है कि अमर और लक्ष्मी के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों दूर के रिश्तेदार थे और उनमें मौसी-भतीजे का रिश्ता था। बताया गया है कि लक्ष्मी अमर से शादी करना चाहती थी लेकिन रिश्तेदारी के कारण जब अमर ने शादी करने से इंकार किया तो लक्ष्मी ने जहर खा लिया। मृतका के पिता ने भी बताया है कि अमर के परिजनों को दोनों के प्रेम प्रसंग के बारे में पता था और उन्हें भी घटना के बाद परिजनों से इस बात की जानकारी मिली है।
लक्ष्मी का शव पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव अपने साथ गांव ले गए हैं। गांव में युवती की मौत के बाद शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लिया गया है और मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। संबंधित सभी लोगों के बयान लिए जाएंगे और जो भी तथ्य सामाने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।