12 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rewa News: ‘फोटो में जेवर दिखे तो नहीं मिलेगा पीएम आवास…’ पटवारी बनकर उड़ाए दो महिलाओं के जेवरात

Fake Patwari Fraud: पटवारी बनकर घूम रहा बदमाश, दो महिलाओं के जेवर लेकर फरार, पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने के बहाने से उतरवाए थे जेवरात।
2 min read
Google source verification
rewa fake patwari pm awas yojana jewellery theft

rewa fake patwari pm awas yojana jewellery theft, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Gemini)

Rewa Fake Patwari Fraud: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में पटवारी बनकर घूम रहा बदमाश पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। बदमाश सिलसिलेवार तरीके से घटनाओं को अंजाम दे रहा है और पुलिस उसका अब तक सुराग नहीं लगा पाई है। शनिवार को बदमाश ने बरहटा गांव में एक साथ दो महिलाओं को अपना निशाना बनाया और दोनों महिलाओं के जेवरात लेकर फरार हो गया। बदमाश ने खुद को पटवारी बताया और बातों में उलझाकर महिलाओं के जेवरात उतरवा लिए और लेकर चंपत हो गया।

पटवारी बनकर पहुंचा बदमाश

बरहटा गांव निवासी आरती गुप्ता पति संगमलाल और सियादुलारी गुप्ता पति वशिष्टमुनि के घर में बदमाश पटवारी बनकर पहुंचा था। वह सिर में हेलमेट लगाए था और महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ दिलाने का झांसा दिया। उसने घर का सर्वे किया और बाद में घर के साथ महिलाओं की फोटो खींचने की बात कही। इसी दौरान उसने महिलाओं से कहा कि आप जो भी जेवर पहने हैं उन्हें उतारकर पास में रख दें क्योंकि अगर फोटो में जेवरात दिखे तो पीएम आवास का लाभ नहीं मिल पाएगा।

पहले जेवरात उतरवाए फिर लेकर फरार

बदमाश के इरादों से अनजान दोनों महिलाओं ने अपने जेवर उतार दिए और पास में रख दिए। फोटो खींचने के बाद बदमाश ने उनको झांसा दिया और जेवर लेकर चंपत हो गया। कुछ देर बाद महिलाओं का ध्यान जेवरों पर गया तो जेवरात गायब थे। इसके बाद दोनों महिलाओं ने परिजनों को पूरी घटना बताई और फिर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बदमाश को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की। तत्काल सभी थानों को अलर्ट किया लेकिन तब तक वह पुलस की पहुंच से दूर निकल चुका था।

सिलसिलेवार तरीके से कर रहा घटनाएं

यह बदमाश सिलसिलेवार तरीके से घटनाएं कर रहा है। सिर में हेलमेट लगाकर चलता है, जिससे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। बदमाश ने दो दिन पूर्व शिक्षक के 9500 रुपए छीन लिए थे। उसके पूर्व मऊगंज थाने के जुमई सहित लौर व नईगढ़ी थाना क्षेत्रों में भी घटनाएं कर चुका है। लगभग पन्द्रह घटनाएं अभी तक बदमाश अंजाम दे चुका है और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।