
Rewa Youth Assault Case: मध्यप्रदेश के रीवा में फिल्मी स्टाइल में सरेराह कार सवारों ने पहले तो बाइक को टक्कर मारी और फिर बाइक सवार युवक के साथ मारपीट की और फरार हो गए। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक का नाम यशराज शर्मा (21) है जो अनंतपुर का रहने वाला है। यशराज शर्मा शनिवार की शाम अपने दो अन्य दोस्तों के साथ बाइक से नीम चौराहा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कार सवार युवकों ने उसके साथ मारपीट की।
घटना इंजीनियरिंग कॉलेज एसबीआई बैंक के समीप की है। जैसे ही यशराज शर्मा अपनी बाइक से यहां पहुंचा तो कार से आए युवकों ने पहले उसकी बाइक को टक्कर मारी, टक्कर लगते ही यशराज व उसके साथी बाइक से गिर गए। इसके बाद कार से उतरकर युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमला करने वाले सभी युवक अपने चेहरे पर गमछे लपेटे हुए थे। शोर शराबा सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे तो भीड़ जमा होती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल हालत में यशराज शर्मा को अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित ने आरोपियों के द्वारा पिस्टल तानने का आरोप भी लगाया है।
यह पूरा विवाद छेड़खानी को लेकर हुआ है। घायल यशराज शर्मा का दोस्त एक लड़की को परेशान करता था और उसे अश्लील फोटो के नाम पर ब्लैकमेल कर बुलाता था। घायल युवक अपने दोस्त के साथ अक्सर लड़की के घर जाकर धमकाता था। लड़की ने इस बात की जानकारी परिजनों को दी जिस पर लड़की पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने उक्त लड़की की पहचान कर उसे थाने बुलाया। लड़की ने छेड़खानी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। वहीं घायल युवक के बयान लेकर मारपीट करने वालों के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई करेगी। विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेन्द्रनाथ शर्मा ने बताया कि युवक पर कार में सवार होकर आए आरोपियों ने हमला किया था। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है। यह पूरा विवाद एक लड़की को परेशान करने की वजह से हुआ है। लड़की ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं घायल युवक के भी बयान दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाएगी।