Sagar Hightech Airport : एक तरफ जहां दशकों पुरानी जिले की ढाना हवाई पट्टी का विस्तार कार्य किया जा रहा है तो दूसरी तरफ अब सागर को देश के अन्य़ शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी के लिए नए एयरपोर्ट निर्माण की तैयारी तेज कर दी गई है।
Hightech Airport :मध्य प्रदेश के अंतर्गत आने वाले बुंदेलखंड में स्थित विशेषकर सागर जिले में सड़क और रेल यातायात सुगम होने के बाद अब हवाई मार्ग से बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में काम शुरु कर दिया गया है। एक तरफ जहां दशकों पुरानी ढाना हवाई पट्टी के विस्तार जारी है तो वहीं दूसरी तरफ अब सागर के आसपास नया एयरपोर्ट विकसित करने के लिए 500 एकड़ जमीन तलाशी जा रही है।
हालांकि, ये बात और है कि, शहर के आसपास लाखों एकड़ सरकारी जमीन खाली पड़ी है, लेकिन प्रशासन को बढ़िया स्तर की समतल जमीन की तलाश है। हालांकि, अबतक की पड़ताल में कुछ चिन्हित जगहों पर चर्चा चल रही है। इनमें कर्रापुर, बारछा, नरयावली, बरोदिया, खुरई, बीना जैसी जगह शामिल हैं। हवाई सेवाओं में विस्तार से टूरिज्म और उद्योग को तो बढ़ावा मिलेगा ही साथ ही यहां आर्मी क्षेत्र सेंट्रल यूनिवर्सिटी फॉरेसिकल रिफाइनरी जैसी चीजें होने का भी फायदा मिलेगा।
विमान विशेषज्ञों का कहना है कि, अगर 500 एकड़ की समतल जमीन पर ढाई से 3 किलोमीटर लंबा रनवे विकसित किया जाता हैं तो इस एयरपोर्ट की क्षमता बड़े महानगरों के समान हो जाएगी और यहां भी 72 सीटर एटीआर विमान आसानी से लैंड किए जा सकेंगे। खास बात ये है कि, इस एयरपोर्ट के शुरु होने से सागर से भोपाल या सागर से जबलपुर या सागर से खजुराहो जैसे शहरों तक पहुंचने में महज 25 से 30 मिनट का ही समय लगेगा। वैसे इन तीनो शहरों की सागर से दूरी 150 से 200 कि.मी होने के कारण सागर से सड़क और रेल मार्ग से यात्रा करने पर फिलहाल 3 से 4 घंटे का समय लगता है।
इस संबंध में सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े का कहना है कि, जिले के रहली विधानसभा की ढाना हवाई पट्टी दमोह लोकसभा क्षेत्र में आती है, इसलिए उनकी ओर से सागर लोकसभा क्षेत्र में नए एयरपोर्ट के वि्स्तार की मांग की थी। अब इस योजना पर काम शुरू हो गया है। पिछले दिनों नए एयरपोर्ट बनाने को लेकर केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से इसपर चर्चा हुई है। साथ ही, कलेक्टर से भी बात की जा चुकी है। चर्चा के दौरान उन्हें बताया गया कि, सागर के आसपास 500 एकड़ जमीन तलाश रहे हैं। नरयावली से खुरई के बीच, सागर से बरौदिया की ओर जमीन देखी जा रही है। जहां भी उपयुक्त जमीन मिलेगी, उसे एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहण कराएंगे।
इधर, ढाना हवाई पट्टी के विस्तार के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा काम शुरू हो चुका है। यहां उड़ान भरने वाले मौजूदा 23 मीटर रनवे की चौड़ाई को बढ़ाकर 30 मीटर किया जा रहा है। हवाई पट्टी को चारों तरफ से सुरक्षित करने के 8 फीट ऊंची बाउंड्रीवॉल भी बनाई जा रही हैं। इस दीवार की लंबाई 3.3 किलो मीटर रखी गई है। दीवार के साथ सुरक्षा के लिहाज से ऊपर तार फैंसिंग भी की जाएगी।