सागर

मां सागर के अस्पताल में भर्ती, बेटी भोपाल में जिंदगी से लड़ रही, बीना की घटना ने झकझोरा

Family Dispute : पारिवारिक विवाद में मां-बेटी को केरोसिन का तेल डालकर जलाने का मामला सामने आया। देवरानी पर इस कृत्य का आरोप लगा है। गोदना गांव की घटना, मां बीएमसी सागर में भर्ती, बेटी की हालत गंभीर होने पर भोपाल रेफर किया गया।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2026, 4:49 PM IST
Family Dispute
अस्पताल में भर्ती महिला और साथ मौजूद पति (फोटो सोर्स: Patrika)

Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर जिले के अंतर्गत आने वाले बीना थाना इलाके के ग्राम गोदना में पारिवारिक विवाद के चलते मां - बेटी को जिंदा जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में मां और बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। इसका आरोप महिला की देवरानी पर लगाया गया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। गंभीर हात में दोनों को बीना स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। मंगलवार को जहां से मां को 75 किलोमीटर दूर सागर जिला अस्पताल और बेटी को करीब 150 किलोमीटर दूर राजधानी भोपाल रेफर किया गया है। फिलहाल, गंभीर हालत में दोनों का उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, बीती शाम ग्राम गोदना में रहने वाली 35 वर्षीय गिरजाबाई पति रामराज दांगी और उनकी बेटी आयुषी दांगी को उसकी देवरानी ने आग लगा दी। इस घटना में मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन ने इस वारदात का आरोप देवरानी काजल गोस्वामी पर लगाया है।

पति ने की कार्रवाई की मांग

वहीं, पीड़िता गिरजाबाई ने अपने बयान में बताया कि, काजल ने पहले उसके और उसकी बेटी के ऊपर केरोसिन का तेल डालकर आग लगाई और दरवाजे बंद करके चली गई थी। वहीं, पीड़ित महिला के पति रामराज का कहना है कि, घटना को काजल ने अंजाम दिया है। रामराज ने उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले की जांच जारी

दोनों की हालत को देखते हुए मंगलवार को उन्हें इलाज के लिए सागर और भोपाल रेफर किया गया है। गिरजाबाई को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर में भर्ती कराया गया है, जबकि बेटी आयुषी की हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि, परिवार में विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस जांच की जा रही है।

गांव में दहशत का माहौल

मामले की जानकारी मिलते ही बीना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

बेटी के बयान के बाद दर्ज होगा केस

बीना थाना प्रभारी अनूप यादव के अनुसार, घटना की जानकारी लगी है, जिसमें बच्ची और उसकी मां के आग लगने से झुलसने की बात सामने आई है। मामले में बच्ची के बयान के लिए स्टाफ को भोपाल भेजा गया है। बयान दर्ज होते ही आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।

Updated on:
3 Nov 2026, 4:49 PM IST
Published on: