
Nitin Jain Death Case- मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक हालही में ट्रांसफर होकर आई सरकारी अधिकारी के पति की मौत बड़ा रहस्य बन चुकी है। जिले के देवरी क्षेत्र की ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. पूजा परमार (BMO Pooja Parmar)के पति और शाहगढ़ निवासी 40 साल के मीडियाकर्मी नितिन जैन (Media Person Nitin Jain) का शव नरसिंहपुर जिले के बरमान क्षेत्र के तहत आने वाले जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बरमान पुलिस नरसिंहपुर तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया।
इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इधर मृतक के जीजा अमित जैन ने पुलिस के शुरुआती आत्महत्या के अंदेशे को सिरे से खारिज करते हुए मौत पर गहरा संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि नितिन पेशे से मीडियाकर्मी थे और वह ऐसा कदम नहीं उठा सकते हैं। परिजनों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
चौकी प्रभारी का कहना है कि अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है, इसलिए मामले में कुछ नहीं बता सकते है कि मौत कैसे हुई है। कॉल डिटेल्स निकलवाने के लिए प्रक्रिया शुरू की है, जो अभी नहीं मिली है। वहीं मृतक नितिन की बहन ऋतु ने बताया कि उनकी भाई से बीते रविवार को बात हुई थी। उसे अभी भी यकीन नहीं आ रहा है कि नितिन ऐसा कदम उठा सकता है। अभी भाभी की हालत ऐसी नहीं है कि उनसे इस संबंध में पूछा जाए कि भाई ने उनसे कब आखिरी बार बात की थी या वो कब घर से निकले थे।
जानकारी के अनुसार करीब एक साल पहले नितिन जैन और डॉ. पूजा परमार ने प्रेम विवाह किया था। प्रेम विवाह के बाद डॉ. पूजा का शाहगढ़ ट्रांसफर भी हो गया था, लेकिन 15 जून को डॉ. पूजा का स्थानांतरण देवरी हो गया और उन्होंने हाल ही में बीएमओ के रूप में जॉइनिंग ली थी। नितिन अपने माता-पिता के इकलौता बेटे थे और उन पर चार बहनों की जिम्मेदारी थी। इकलौते भाई की असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
नितिन देवरी में थे, लेकिन वह बरमान कब और किन परिस्थितियों में पहुंचे, यह बात रहस्य बनी हुई है। फिलहाल बरमान पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और घटना की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।