Indian Railway: अब यात्रियों को यात्रा के दौरान भोजन की चिंता नहीं करनी पड़ेगी, क्योंकि वह पहले से ही भोजन बुक कर सकेंगे....
Indian Railway: भारतीय रेलवे के खानपान एवं पर्यटन से जुड़ी कंपनी आइआरसीटीसी ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में ई-पैंट्री सेवा की शुरुआत कर दी है। इससे एमपी के रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। जानकारी के लिए बता दें कि एमपी के सागर-बीना जंक्शन से निकलने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस व मालवा एक्सप्रेस में यह सुविधा शुरू की जा रही है।
इस नई व्यवस्था के तहत अब यात्री यात्रा से पहले ही अपना भोजन बुक कर सकेंगे। फिलहाल यह सेवा 25 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में लागू की गई है, जिनमें से पांच जोड़ी ट्रेनें जंक्शन पर रुकते हुए जाती हैं। आइआरसीटीसी द्वारा शुरू की गई इस योजना का लाभ उन ट्रेनों के यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जिनमें टिकट किराए में भोजन शामिल नहीं होता। अब यात्रियों को यात्रा के दौरान भोजन की चिंता नहीं करनी पड़ेगी, क्योंकि वह पहले से ही भोजन बुक कर सकेंगे और निर्धारित समय पर भोजन उनकी सीट तक पहुंचाया जाएगा।
यह सुविधा रेल टिकट बुकिंग व्यवस्था से जुड़ी हुई है, इसमें क्लीयर, प्रतीक्षा सूची वाले यात्री भी भोजन बुक कर सकते हैं। यात्री अपनी सुविधा अनुसार मानक भोजन और रेल नीर बुक कर सकते हैं, जिसे पैंट्री कर्मी सीधे सीट पर उपलब्ध कराएंगे।
भोजन बुक करने के बाद यात्रियों को मैसेज या इ-मेल के माध्यम से एक ओटीपी भेजा जाएगा, इसी कोड को दिखाकर यात्री अपना पूर्व बुक किया गया भोजन प्राप्त कर सकेंगे। ई-पैंट्री सेवा पूरी तरह डिजिटल है, जिससे भुगतान डिजिटल तरीके से होगा। भोजन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ओटीपी कोड की व्यवस्था की गई है। यदि किसी कारण भोजन की आपूर्ति नहीं हो पाती है, तो यात्रियों को रुपए वापसी की सुविधा भी दी जाएगी, जिसकी सूचना माध्यम से दी जाएगी।