सागर

सागर में बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर को लूटा

Bahu Lover Loot Case: पति की मौत के बाद प्रेमी के साथ मिलकर ससुर से बहू ने लूटे 5 लाख रुपये, प्रेमी गिरफ्तार, बहू अब भी फरार, पुलिस तलाश में जुटी।

2 min read
Jun 18, 2026
BINA
Woman and Her lover Withdrawing Rs 5 Lakh Father in Law Account, एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर (SOURCE- GROK AI)

Sagar Bahu Lover Loot Case: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने आशिक के साथ मिलकर अपने ही ससुर को लूट लिया। पीड़ित ससुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने अब मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी बहू के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बहू अभी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

पति की मौत के बाद प्रेमी के साथ रहने लगी बहू- पीड़ित

थाना प्रभारी अनूप यादव ने बताया कि 14 जून को ग्राम हड़कारी निवासी चतुर्भुज रैकवार ने पुलिस थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने शिकायत में बताया कि उनके बेटे की मौत हो चुकी है और बहू अपने प्रेमी माखन पवार के साथ रहती है। 6 मार्च को बहू सुनीता रैकवार प्रेमी माखन पवार के साथ घर पर आई थी। दोनों ने उनसे मोबाइल फोन, आधार कार्ड और 20 हजार रुपए मांगे। जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो माखन पवार ने चाकू दिखाकर धमकाया और उनका कीपैड मोबाइल, आधार कार्ड व नकदी छीन लिया।

बहू ने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर को लूटा

आरोपी बहू और उसके प्रेमी ने ससुर से मोबाइल और आधार कार्ड छीनने के बाद धमकी दी कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी, तो जान से मार देंगे। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उनके बैंक खाते में जमा करीब पांच लाख रुपए यूपीआई आईडी बनाकर निकाल लिए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी माखन पिता मुन्नालाल पवार (40) निवासी ईदगाह रोड, गंजबासौदा जिला विदिशा को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ करने पर स्वीकार किया अपराध

पूछताछ में आरोपी माखन पवार ने अपराध करना स्वीकार किया है। उसके कब्जे से पांच हजार रुपए नकद, एक चाकू, आधार कार्ड और बाइक जब्त की गई है। मामले की दूसरी आरोपी सुनीता रैकवार अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। बैंक खाते से जो रुपए ट्रांसफर किए थे वह आरोपी माखन ने शेयर मार्केट में लगाए थे। कार्रवाई में थाना प्रभारी, एसआई जय सिंह, प्रधान आरक्षक विजय गौतम, गजेंद्र मिश्रा, आरक्षक दीप सिंह भदौरिया, राहुल सोलंकी की अहम भूमिका रही।

Published on:
18 Jun 2026 09:07 pm