सागर

‘निर्मला… तुमने तो पूरी भाजपा को शुगर कर दी’, पूर्व विधायक महेश राय के तंज से बीना में राजनीतिक हलचल

Bina Politics : बीना में राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल के स्वागत कार्यक्रम में पूर्व विधायक महेश राय ने विधायक निर्मला सप्रे पर तंज कसते हुए कहा, 'निर्मला... तुमने तो पूरी भाजपा को शुगर कर दी।' कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आईं निर्मला सप्रे के राजनीतिक सफर को लेकर ये टिप्पणी क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 4:11 PM IST
Bina Politics
पूर्व विधायक महेश राय को मिठाई खिलाती विधायक निर्मला सप्रे (फोटो सोर्स: Patrika)

Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना की राजनीति में एक बार फिर पूर्व विधायक महेश राय और मौजूदा विधायक निर्मला सप्रे को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इस बार चर्चा का कारण कोई राजनीतिक बयान या सार्वजनिक मंच पर हुई बहस नहीं, बल्कि मिठाई खिलाने के दौरान पूर्व विधायक महेश राय द्वारा की गई एक टिप्पणी है। राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल के स्वागत कार्यक्रम में महेश राय ने विधायक निर्मला सप्रे पर तंज कसते हुए कहा कि, 'निर्मला.. तुमने तो पूरी भाजपा को शुगर कर दी।' मौके पर मौजूद लोगों के बीच कही गई ये बात अब क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।

दरअसल, संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल जिले के बीना पहुंचे थे। उनके पहले आगमन पर पूर्व विधायक महेश राय ने अपने कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया था। इसी दौरान विधायक निर्मला सप्रे ने पूर्व विधायक महेश राय को मिठाई खिलाई। मिठाई खिलाने के इस सामान्य से दिखने वाले पल में महेश राय की टिप्पणी ने राजनीतिक रंग ले लिया। उनकी इस बात को निर्मला सप्रे के राजनीतिक सफर और भाजपा में उनके प्रवेश से जोड़कर देखा जा रहा है।

कांग्रेस के टिकट पर जीता चुनाव, फिर भाजपा में शामिल

विधायक निर्मला सप्रे का राजनीतिक सफर पिछले कुछ साल में बीना की राजनीति का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने साल 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचीं थीं। हालांकि, विधायक बनने के कुछ महीने बाद ही उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उनके इस फैसले ने प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा बटोरी थी। कांग्रेस की ओर से उनके राजनीतिक कदम पर सवाल उठाए गए। वहीं, भाजपा में शामिल होने के बाद क्षेत्र में उनके राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी लगातार चर्चाएं होती रहीं।

बीना की राजनीति में कई बार असहज स्थिति भी दिखीं सप्रे

निर्मला सप्रे के भाजपा के साथ आने के बाद बीना की राजनीति में कई बार असहज स्थिति भी देखने को मिली। साल 2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में भाजपा के समर्थन में मंच साझा किया था। इसके बाद उनके राजनीतिक दल और विधानसभा सदस्यता को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दल-बदल विरोधी कानून के तहत उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग भी उठाई थी। विधानसभा में नोटिस और जवाब की प्रक्रिया के बाद ये मामला न्यायालय तक पहुंचा।

Updated on:
22 Nov 2026, 4:11 PM IST
Published on: