Sagar- रहली के पास मैंनाई में मां और उसके दो बच्चों के शव मिले, सुसाइड का कारण अभी सामने नहीं आया
Sagar- एमपी में पारिवारिक आत्महत्या का केस सामने आया है। यहां के सागर में सामूहिक आत्महत्या की गई है। एक घर में महिला एवं उसके 2 मासूम बच्चों के शव फांसी पर झूलते मिले हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार सुसाइड का कारण अभी सामने नहीं आया है, मामले की जांच की जा रही है।
सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में सामूहिक आत्महत्या का मामला हुआ है। यहां के ग्राम मैंनाई में मां और उसके दो बच्चों के शव घर में फांसी पर लटके मिले। मृतकों में 30 साल की रचना लोधी, 2 साल के राम एवं 5 साल का ऋषभ शामिल है। पुलिस वारदात की जांच में जुटी हुई है।
मैनाई में बुधवार रात घटी हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि 25 दिसंबर की रात करीब 8 बजे ब्रजेश लोधी और उनके छोटे भाई राजेश लोधी सिंचाई के लिए खेत गए थे। रात साढ़े नौ बजे के आसपास दोनों घर लौटे। ब्रजेश अपने कमरे में चले गए, जबकि राजेश अपने कमरे में गए। कुछ ही देर बाद राजेश ने जोर से पुकारा तो ब्रजेश दौड़कर उनके कमरे में पहुंचे। वहां का भयावह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
कमरे में लकड़ी की म्यारी पर तीन रस्सियां बंधी हुई थीं। एक फंदे पर ब्रजेश की पत्नी रचना लोधी, दूसरे पर उनका बड़ा बेटा ऋषभ और तीसरे पर छोटा बेटा राम लटक रहा था। यह दृश्य देखकर परिवार के सदस्यों के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने तीनों को तुरंत फंदे से उतारा और जमीन पर लिटाया लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
मामले की तत्काल स्थानीय पुलिस को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही रहली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पंचनामा तैयार किया। बीएनएसएस के अंतर्गत मर्ग कायम कर मामला दर्ज किया गया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
रचना लोधी ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया और बच्चों को भी अपने साथ ले लिया, इसका कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। परिजनों से पूछताछ में घर में कोई बड़ा विवाद या आर्थिक तंगी की बात नहीं बताई गई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। पारिवारिक, आर्थिक, मानसिक स्वास्थ्य और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी बयान लिए जा रहे हैं।
दिल दहला देने वाली इस घटना के बाद ग्राम मैनाई में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई है। बच्चों के मासूम चेहरों को याद कर महिलाएं फूट-फूटकर रो रही हैं।