सागर

एमपी में घर के डबल-बेड के अंदर मिला महिला डांसर का अर्धनग्न शव, बाहर से लगा था ताला

MP News: 10 दिन बाद बच्चे घर पहुंचे तो ताला तोड़कर अंदर पहुंचे, बेड से खून बह रहा था और बेड खोला तो मां का शव देखा।
2 min read
Apr 12, 2026
sagar
woman dancer dead body found inside bed

MP News: मध्यप्रदेश के सागर जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना खुरी थाना क्षेत्र के सहोदरा राय वार्ड की है जहां एक महिला की उसके ही घर में डबल बेड के अंदर अर्धनग्न हालत में लाश मिली है। लाश सड़ चुकी है और घटना का पता उस वक्त चला जब 10 दिन बाद उसके बच्चे गंजबासौदा से लौटे। ताला तोड़कर बच्चे घर में अंदर दाखिल हुए थे। मां का शव देखने के बाद बच्चों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु की।

डबल बेड के अंदर मिला अर्धनग्न शव

खुरई थाना क्षेत्र के सहोदरा राय वार्ड में रहने वाली 45 वर्षीय ममता अहिरवार का शव उसके ही घर में डबल बेड के अंदर अर्धनग्न हालत में मिला है। ममता अहिरवार डांसर थी, जो शादी-ब्याह और करीला जैसे कार्यक्रमों में अपने ग्रुप के साथ डांस कर परिवार का पालन पोषण करती थी। ममता के बच्चों ने बताया कि 5 अप्रैल को उनकी आखिरी बार मां से मोबाइल पर बात हुई थी। तब मां ने बताया था कि वो बीना रिफाइनरी के पास एक प्रोग्राम करने गई हैं और इसके बाद से मां का मोबाइल बंद जा रहा था। शनिवार को ही बेटे ने मां ममता की गुमशुदगी पुलिस थाने में दर्ज कराई थी।

घर के बाहर लगा था ताला

मृतका ममता की बेटी मुस्कान ने बताया कि मां ममता खुरई में अकेली रहती थीं। वो और भाई गंजबासौदा में रहते हैं। मां से 5 दिन से बात न होने के कारण शिकायत दर्ज कराने खुरई आए थे। शिकायत दर्ज कराने के बाद जब घर पहुंचे तो बाहर से ताला लगा हुआ था। ताला तोड़कर घर के अंदर पहुंचे तो बदबू आ रही थी और डबल बेड से खून बह रहा था। डबल बेड खोल के देखा तो मां का शव नजर आया, शव में कीड़े पड़ चुके थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी और पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु कर दी है। पुलिस के मुताबिक शव काफी हद तक सड़ चुका है। शुरुआती जांच में मृतका के शरीर पर चोट के निशान नजर नहीं आए हैं जिससे आशंका है कि गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने शनिवार को घर को सील कर दिया था जिसके बाद रविवार को सागर से एफएसएल टीम के पहुंचने पर घर को फिर से खोला गया और फिंगरप्रिंट्स एक्सपर्ट्स और अन्य विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

Published on:
12 Apr 2026 04:25 pm