mp news: आठ दिन तक एफआईआर कराने के लिए भटकती रही पीड़िता, सीएम हेल्पलाइन पर की शिकायत तो दर्ज हुई एफआईआर।
mp news: मध्यप्रदेश के सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला के साथ उसके पति के ही दोस्त ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने कई बार महिला के साथ ज्यादती की और जब महिला 5 महीने की गर्भवती हो गई तो उसे अपनाने से इंकार कर दिया। इधर जब पति को पत्नी के पेट में पल रहे गर्भ की सच्चाई पता चली तो उसने पत्नी को साथ रखने से इंकार कर दिया। पीड़िता मायके पहुंची तो मायके वालों ने भी उसे घर में नहीं रखा।
पीड़िता रजनी (बदला हुआ नाम) के मुताबिक उसके पति के दोस्त मुकेश (बदला हुआ नाम) का घर पर आना जाना था। इसके कारण उसकी मुकेश से नजदीकियां हो गईं। शादी का झांसा देकर मुकेश ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, इसके कारण वो 5 महीने की गर्भवती हो गई। जब इस बात का पता रजनी के पति को चला, तो उसने उसे साथ रखने से मना कर दिया। वहीं, आरोपी मुकेश ने भी महिला रजनी को अपनाने से हाथ खड़े कर दिए। इतना ही नहीं जब वो अपने मायके पहुंची तो मायके वालों ने भी उसे घर में रखने से मना कर दिया।
पीड़िता रजनी (बदला हुआ नाम) ने बताया कि वो एक हफ्ते पहले अपने साथ हुई ज्यादती की शिकायत दर्ज कराने के लिए महाराजपुर थाने पहुंची थी लेकिन वहां पुलिस ने आरोपी को बुलाकर राजीनामा का दबाव बनाया। तब आरोपी मुकेश ने कहा कि वो उसे साथ रखने के लिए डेढ़ महीने की मोहलत चाहिए। इसके बाद जब वो मुकेश के घर पहुंची तो उसके छोटे भाई ने जान से मारने की धमकी दी और गर्भपात कराने का दबाव बनाया। परेशान रजनी ने रविवार शाम 181 पर शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद सोमवार को पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया और मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह भदोरिया ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला कायम कर लिया गया है। मेडिकल परीक्षण के बाद अब आगे की कार्रवाई की जा रही है।