
man shot dead while sleeping with wife
mp news: मध्यप्रदेश के मुरैना में पत्नी के साथ कमरे में सो रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। गोली मृतक की कनपटी पर लगी थी। परिजन के मुताबिक घटना सोमवार रात करीब 3 बजे की है। पुलिस को कमरे में टूटी हुई चूड़ियां मिली हैं जिससे आशंका जताई जा रही है कि पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने के बाद युवक ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी की है। वहीं मृतक के भाई ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मुरैना के सिहौनियां थाने के सामने वाली गली में रहने वाले 25 साल के लवकुश माहौर की सोमवार की रात गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लवकुश अपनी पत्नी के साथ घर के कमरे में सो रहा था और घर के बाकी सदस्य बाहर सो रहे थे। रात करीब 3 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुली और वो भागकर लवकुश के कमरे में पहुंचे तो लवकुश मृत पड़ा था उसके सिर से खून बह रहा था घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरु की ।
जिस कमरे में लवकुश को गोली लगी उस कमरे में टूटी चूड़ियां मिली हैं। अंदेशा है कि पति-पत्नी के बीच रात में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान पति लवकुश ने खुद को कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। परिजन के मुताबिक लवकुश सूरत में काम करता था और 12 दिन पहले ही उसकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया था। पिता बनने की खुशी और होली मनाने के लिए वो घर आया हुआ था और होली के बाद वापस जाने वाला था। वहीं मृतक लवकुश के छोटे भाई ने पड़ोस में रहने वाले विक्रम परमार नाम के युवक पर लवकुश की हत्या का आरोप लगाया है। छोटे भाई का कहना है कि विक्रम छत के रास्ते घर में आया और भाई को गोली मारकर भाग गया। विक्रम की चप्पल छत पर उतरी मिली हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
Published on:
03 Mar 2026 04:02 pm
बड़ी खबरें
View Allमुरैना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
