
Sagar News :मध्य प्रदेश के सागर जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर आज रविवार को एक बार फिर नीम घाटी के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया है। यहां श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, साथ ही 33 घायल हुए हैं। इनमें कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। आपको बता दें कि, नेशनल हाईवे नंबर-44 एकाएक सड़क हादसों का गढ़ बनता जा रहा है। हालात ये हैं कि, महज 12 दिनों में हुए यहां अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई अन्य घायल भी हुए हैं।
जिले के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे-44 पर महज 12 दिन में ये तीसरा बड़ा सड़क हादसा है, जिसमें कुल मिलाकर 11 लोगों की मौत हो चुकी है। आज हुए हादसे से पहले नर्मदा स्नान के लिए जा रहे भैंसा गांव के श्रद्धालुओं की कार खड़े ट्रक में जा घुसी थी। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 2 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस तरह हादसे में कुल 7 लोगों ने जान गवाई थी। वहीं, शनिवार को भी तीर्थ यात्रा से लौट रही यात्रियों की मिनी बस एक ट्रक से जा टकराई थी, जिसमें एक श्रद्धालु की मौत हो गई थी, जबकि 12 लोग घायल भी हुए थे। वहीं, आज श्रद्धालुओं के साथ हुए हादसे को जोड़ दें तो मरने वालों की संख्या 11 हो गई है।
इससे पहले 9 नवंबर सोमवार को जिले के गोपालपुरा के पास नेशनल हाइवे-44 पर एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि, कार सवार 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर घायलों ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस तरह उस भीषण सड़क हादसे में कार सवार 7 लोगों की जान चली गई थी। जबकि, तीन अन्य घायल भी थे। बताया जा रहा है कि, हादसे का शिकार हुए कार सवार सागर के भैंसा से अमावस्या पर बरमान में नर्मदा स्नान करने जा रहे थे। हादसे में अब तक माखन यादव, संतोष तिवारी, नीरज मिश्रा, दौलत सिंह ठाकुर, रामगोपाल प्रजापति, प्रहलाद विश्वकर्मा और प्रीतम प्रजापति की मौत हो चुकी है।
बता दें कि, सिविल लाइन थाना इलाके में बम्होरी तिगड़डा के पास एनएच-44 पर शनिवार 21 नवबंर की सुबह तीर्थयात्रियों से भरी मिनी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में द्वारका मर्सकोले 63 वर्ष की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 12 अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। हादसे के बाद सभी को जिला अस्पताल और बीएमसी पहुंचाया गया। एक महिला की हालात गंभीर है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, आज रविवार की दोपहर नेशनल हाईवे-44 पर नीम घाटी के पास हुए हादसे में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हुई है, जबकि 33 लोग घायल हुए हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 36 ग्रामीण सवार थे। सभी बरमान में नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि, हादसे के बाद ट्रॉली के नीचे कई लोग दब गए, जबकि कुछ सड़क पर गिरकर घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों में कई के हाथ-पैर टूट गए हैं और कुछ के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल, घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।