सागर

सागर में होटल से 1 लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया रेलवे अधिकारी, CBI को मिली 5 दिन की रिमांड

CBI Trap: जबलपुर सीबीआई की टीम ने रेलवे के सेक्शन इंजीनियर को रिश्वत लेते पकड़ने के बाद दूसरे दिन सीबीआई कोर्ट में पेश किया, कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड सीबीआई को दी।

2 min read
Jun 05, 2026
sagar
railway section engineer bribery case cbi remand narayan singh bundela

Sagar Railway Corruption: मध्यप्रदेश के सागर में गुरुवार रात को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ाए रेलवे के सेक्शन इंजीनियर को जबलपुर की सीबीआई टीम ने गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को सीबीआई की टीम ने रिश्वतखोर सेक्शन इंजीनियर को जबलपुर में सीबीआई कोर्ट में पेश किया, सीबीआई ने कोर्ट से पूछताछ के लिए आरोपी की 5 दिन की रिमांड मांगी जिसे स्वीकार करते हुए कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड सीबीआई को दी है। बता दें कि रेलवे का सेक्शन इंजीनियर एक ठेकेदार से सागर के होटल में रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ाया था।

रेलवे का सेक्शन इंजीनियर मांग रहा था रिश्वत

सागर में पदस्थ रेलवे के सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला के खिलाफ एक ठेकेदार ने जबलपुर सीबीआई में शिकायत की थी। अपनी शिकायत में ठेकेदार ने बताया था कि उसने सागर रेलखंड में गिट्टी सप्लाई का काम किया था। काम पूरा होने के बाद जब वो सिक्योरिटी राशि वापस मांगने के लिए सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला के पास पहुंचा तो उन्होंने सिक्योरिटी राशि वापस करने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। रिश्वत की रकम नहीं देने पर सेक्शन इंजीनियर सिक्योरिटी राशि वापस नहीं कर रहा था।

होटल में एक लाख रुपये लेते रंगेहाथों पकड़ाया

सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार देर रात को फरियादी ठेकेदार को 1 लाख रुपये रिश्वत देने के लिए सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला के पास भेजा। बुंदेला ने सागर के एक होटल में रिश्वत देने के लिए फरियादी को बुलाया। वहां पर पहले से सीबीआई की टीम मौजूद थी और जैसे ही सेक्शन इंजीनियर ने रिश्वत के एक लाख रुपये लिए तो सीबीआई टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद सीबीआई टीम उसे जबलपुर लेकर आई थी। यहां दूसरे दिन शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट में आरोपी को पेश कर सीबीआई ने पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड मांगी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए आरोपी को पांच दिन की रिमांड पर भेजा।

कैमरा देखकर छिपाता रहा चेहरा

शुक्रवार को जब सीबीआई की टीम आरोपी सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला को सीबीआई कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर पहुंची तो मीडिया के कैमरों को देखकर आरोपी अपना चेहरा छिपाते नजर आया। बताया गया है कि आरोपी नारायण सिंह बुंदेला के खिलाफ पहले भी विभागीय शिकायतें हो चुकी हैं। अब 5 दिन की रिमांड के दौरान सीबीआई टीम आरोपी से पूछताछ करेगी और पूछताछ में कई और खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Updated on:
05 Jun 2026 07:13 pm
Published on:
05 Jun 2026 06:10 pm