सागर

सागर में 50 लाख का लोन छिपाकर 1.08 करोड़ में बेच दी प्रॉपर्टी, जांच में खुला राज

Sagar Property Fraud- सागर से करोड़ों की धोखाधड़ी मामला सामने आया है। फाइनेंस बैंक से ले रखा था 50 लाख का लोन, धोके से 1.08 करोड़ रुपए में बेचा।
2 min read
Jun 26, 2026
sagar property fraud au small finance bank loan fake land registry
Sagar Property Fraud- बैंक में बंधक मकान-जमीन को 'पाक-साफ' बताकर बेचा (फोटो सोर्स- Magnific)

Fake Land Registry- मध्य प्रदेश के सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बहेरिया गदगद में जमीन और मकान की खरीद-फरोख्त में 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बड़ी धोखाधड़ी (Property Fraud) का मामला सामने आया है। बैंक में पहले से लोन पर ली गई संपत्ति को पाक-साफ बताकर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करने के आरोप में बहेरिया थाना पुलिस ने आरोपी पवन सिंह गुर्जर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कटरा वार्ड सागर निवासी मोहित जैन और उनके भाई मधुर जैन ने बहेरिया गदगद निवासी पवन सिंह गुर्जर 49 वर्ष से अगस्त 2025 में दो अलग-अलग पंजीकृत बैनामों के जरिए संपत्ति खरीदी थी। पवन सिंह ने 21 अगस्त 2025 को 907 वर्गफीट का मकान 34 लाख रुपए में और अगले ही दिन 22 अगस्त 2025 को 2542 वर्गफीट खुली भूमि व मकान 74 लाख रुपए में बेचे थे। दोनों सौदों के बदले आरोपी ने कुल 1 करोड़ 8 लाख रुपए की राशि प्राप्त कर कब्जा सौंप दिया था। रजिस्ट्री के समय आरोपी ने लिखित में दिया था कि संपत्ति पर कोई कर्ज या ऋण गारंटी नहीं है।

दीवार पर चस्पा नोटिस से खुला राज

धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब 3 मई 2026 को आवेदक अपने खरीदे हुए मकान पर पहुंचे। वहां उन्होंने दीवार पर एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU Small Finance) लिमिटेड का पजेशन नोटिस चस्पा देखा। नोटिस के अनुसार, उक्त संपत्ति पर बैंक का 51लाख 20 हजार 254 रुपए का ऋण बकाया था और संपत्ति बैंक में बंधक थी। जब पीड़ितों ने आरोपी से बात की, तो उसने लोन चुकाने से साफ मना कर दिया और विवाद पर आमादा हो गया।

जांच में सही पाए गए आरोप, मामला दर्ज

शिकायत पर नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया कार्यालय से जांच सहायक उपनिरीक्षक थाना बहेरिया को सौंपी गई। पुलिस ने बैंक की भगवानगंज शाखा से जुटाई गई आधिकारिक जानकारी में सामने आया कि आरोपी पवन सिंह ने रजिस्ट्री करने से काफी पहले, यानी 30 जनवरी 2024 को ही इस संपत्ति पर 50 लाख रुपए का लोन ले रखा था। जिसके बाद आरोपी पवन सिंह पर 318(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है।

Published on:
26 Jun 2026 09:28 pm