
Sagar Snake Rescue: मध्यप्रदेश के सागर में खुरई रोड स्थित भैंसा वेयरहाउस परिसर में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सामान से लदे एक ट्रक की डिक्की के भीतर खतरनाक कोबरा प्रजाति की नागिन छिपी मिली। हैरानी की बात यह रही कि जिस डिक्की के अंदर यह जहरीली नागिन बैठी थी और उसी के ऊपर हेल्पर बैठा हुआ था। राहत की बात ये है कि समय रहते नागिन पर नजर पड़ गई और बड़ा हादसा होने से टल गया।
बताया गया है कि ट्रक भोपाल रोड से विभिन्न प्रकार का सामान लोड कर खुरई रोड स्थित भैंसा वेयरहाउस पहुंचा था। वेयरहाउस पहुंचने के बाद ट्रक को खड़ा कर दिया गया। इस दौरान ट्रक का हेल्पर गाड़ी की डिक्की से पाना और पेंचकस (टूल्स) निकालने के लिए पहुंचा। जैसे ही उसने डिक्की का ढक्कन खोला, अंदर सांप की पूंछ नजर आई। वह तुरंत घबराकर ट्रक से नीचे कूद पड़ा और भागकर ड्राइवर को इसकी जानकारी दी।
ट्रक के केबिन की डिक्की में सांप होने का पता चलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इसी बीच स्नेक कैचर अकील बाबा को सूचना दी गई। अकील बाबा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। क्योंकि ट्रक के केबिन में ज्यादा जगह नहीं होती है इसलिए काफी सुरक्षा के साथ अकील बाबा ने रेस्क्यू शुरू किया और डिक्की के कोने में छिपी नागिन को सुरक्षित बाहर निकाला। नागिन को पकड़कर अकील बाबा अपने साथ ले गए और सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
स्नेक कैचर अकील बाबा ने बताया कि जो नागिन पकड़ी है वो करीब ढाई फीट लंबी है और कोबरा प्रजाति की है। उन्होंने बताया कि कोबरा प्रजाति का यह सांप अत्यधिक विषैला होता है, इसके डसने के बाद समय पर इलाज न मिलने से इंसान की जान जा सकती है। गनीमत यह रही कि ट्रक की डिक्की के ठीक ऊपर हेल्पर के बैठने के बावजूद नागिन ने किसी भी तरह का आक्रामक रुख नहीं दिखाया और न ही किसी को नुकसान पहुंचाया।
बता दें कि बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।