Sagar- मध्यप्रदेश में एक महिला ने रौद्र रूप दिखाया। अपनी जमीन छिनने से गुस्साई महिला ने जनपद सदस्य की कार को पत्थर मार मारकर चकनाचूर कर डाला।
Sagar- मध्यप्रदेश में एक महिला ने रौद्र रूप दिखाया। अपनी जमीन छिनने से गुस्साई महिला ने जनपद सदस्य की कार को पत्थर मार मारकर चकनाचूर कर डाला। कार के सभी शीशे तोड़े और बाडी पर भी पत्थर पटका। महिला का आक्रोश देखकर हर कोई सहम गया। जनपद सदस्य तो डरकर भाग ही गया। प्रदेश के सागर जिले में यह घटना घटी। कार पर सभापति, जनपद पंचायत सागर का साइन बोर्ड लगा था। घटना के बाद जिलेभर में इस महिला की ही चर्चा हो रही है।
सागर के पुरानी कचहरी स्थित जनपद कार्यालय के सामने यह वाकया हुआ। यहां एक महिला ने जनपद सदस्य राघवेंद्र की कार में जमकर तोड़फोड़ की। उसने एक बड़ा पत्थर उठाया और उसे कार पर पटकना शुरु कर दिया। सभी कांच तोड़ दिए। कार पर पत्थर पटककर उसकी सूरत बिगाड़ दी। नई नवेली कार को बुरी तरह चकनाचूर कर दिया।
इस घटना से जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। महिला को आग बबूला होती देख जनपद सदस्य तो वहां से भाग ही गए।
महिला के गुस्साने और कार तोड़ने की वजह बाद में सामने आई। लोगों ने बताया कि महिला सडेरी की निवासी छोटी बाई लोधी है। उसने जनपद सदस्य राघवेंद्र पर अपनी जमीन छीनने का आरोप लगाया है। छोटी बाई का कहना है कि जनपद सदस्य ने उसकी जमीन दूसरे के नाम पर कर दी। पुलिस और प्रशासन को भी कई शिकायत की पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।इससे गुस्साई छोटीबाई ने पत्थर उठाया और जनपद सदस्य की कार पर अपना पूरा गुस्सा उतार दिया। उसकी कार को चकनाचूर कर दिया।
छोटी बाई ने बाद में मीडिया से भी बातचीत की। उन्होंने बताया कि मेरे हिस्से की जमीन छीन ली। कलेक्टर और पुलिस को कई शिकायतें करने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।