कासगंज हिंसा पर डीएम आर विक्रम सिंह के बयानों को बताया सही
सहारनपुर। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने वंदे मातरम् पर बड़ा बयान दिया है। बरेली के डीएम आर विक्रम का समर्थन करते हुए इमरान मसूद ने कहा है कि वह भारत माता की जय तो कहेंगे, लेकिन वंदे मातरम् नहीं बोलेंगे। उन्होंने कहा कि चीन भारत का पाकिस्तान से बड़ा दुश्मन है। भारत पाकिस्तान और चीन के साथ व्यापार बंद करे। भाजपा चीन मुर्दाबाद के नारे लगाए तो वह पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाएंगे।
डीएम के बयानों को बताया सही
दरअसल, कासगंज हिंसा के बाद अब राजनीति का दौर शुरू हो गया है। कासगंज हिंसा को लेकर बरेली डीएम आर विक्रम सिंह ने फेसबुक पर एक टिप्पणी की थी, जो आजकल सुर्खियों में है। डीएम के बयान के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग आने लगे हैं। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने भी डीएम बरेली के बयानों को सही बताया और कहा कि डीएम ने बिल्कुल सही समय पर अपने बयानों को सार्वजनिक किया है।
सभी का है यह देश
उन्होंने कहा कि आज देश में हालात ऐसे हैं कि कुछ लोग सिर्फ भगवा लहराने की बात करते हैं लेकिन ऐसे लोगों को ध्यान रखना चाहिए कि यह देश सभी का है, किसी एक विचारधारा का नहीं है। इमरान मसूद ने कहा कि यदि ये लोग खुद को बहादुर मानते हैं तो फिर बॉर्डर पर चलें और पाकिस्तान के खिलाफ लड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेले पाकिस्तान से व्यापार करके अपने खजाने भर रहे हैं। सरकार अगर पाकिस्तान के खिलाफ है तो फिर उसके साथ व्यापार बंद करे।
भाजपा कार्यालय में नहीं फहरा तिरंगा
कांग्रेस उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने कभी बलिदान नहीं किया और वह उन्हें देशभक्ति सिखा रहे हैं तो यह उचित नहीं है। भाजपा ने अपने कार्यालयों पर पिछले 52 साल में कभी तिरंगा नहीं फहराया और बाकी लोगों को तिरंगे का मान बता रहे हैं।
पाकिस्तान से बड़ा दुश्मन चीन
इमरान मसूद ने कहा है कि भारत का पाकिस्तान से भी बड़ा दुश्मन चीन है और अगर इन दोनों दुश्मनों को भाजपा चोट पहुंचाना चाहती है तो पाकिस्तान और चीन से व्यापार बंद करें। भाजपाई चीन के विरोध में नारे लगाएं तो वह भाजपा से पहले पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाएंगे लेकिन वंदे मातरम् कहने से किसी को देशभक्ति का सर्टिफिकेट नहीं मिल सकता। वह खुद वंदे मातरम् नहीं कहेंगे लेकिन भारत माता की जय बोलेंगे। उन्हें भी अपने देश से उतना ही प्रेम है, जितना एक भारतीय को होता है लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि अगर हम वंदे मातरम् कहें तो तभी देशप्रेम है।