दारुल उलूम प्रबंधन ने दी छात्रों को मदरसा परिसर में स्मार्ट फोन न रखने की हिदायत। नहीं मानने पर होगा निष्कासन।
देवबंद। विश्व विख्यात मदरसा दारुल उलूम देवबंद के प्रबंधक ने एक बार फिर मदरसे में पढ़ने वाले छात्रों को स्मार्ट फोन न रखने की हिदायत देते हुए मदरसे के नोटिस बोर्ड पर एक नोटिस चस्पा कर यह नया फरमान सुनाया है। दरअसल दारूल उलूम ने नोटिस में छात्रों को यह चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी छात्र के पास स्मार्ट फोन मिला तो उसका दारूल उलूम से एडमिशन खत्म कर निष्कासित कर दिया जाएगा।
ईद-उल-अजहा की छुट्टियों से पहले नोटिस जारी कर छात्रों को बताया गया था कि यदि उनके पास स्मार्ट फोन मिला तो उनका दारूल उलूम से एडमिशन कैंसिल कर दिया जाएगा। छुट्टी से पहले सभी छात्रों को अपने-अपने स्मार्ट फोन अपने घरों पर ही छोड़कर आने के लिए कहा गया था। अब छुट्टी से लौटते ही छात्रों को एक बार फिर नोटिस चस्पा कर यह चेतावनी दी गयी है कि यदि किसी के पास स्मार्ट फोन मिला तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संस्था के मोहतमिम मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी की ओर से नोटिस बोर्ड पर चस्पा किए गए नोटिस पर लिखा है कि स्मार्ट फोन छात्रों की पढ़ाई में बाधक है। छात्रों को पढ़ाई के लिए सही दिशा देने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इसके बावजूद अगर कोई छात्र स्मार्ट फोन का इस्तेमाल करते हुए मिला तो उसका संस्था से एडमिशन कैंसिल कर दिया जाएगा और दुबारा एडमिशन के लिए सिफारिश को नहीं माना जाएगा। आपको बता दें कि पश्चिमी यूपी के सहारनपुर जिले के देवबंद में स्थित दारुल उलूम मदरसा इस्लामी शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र है