
सहारनपुर। 2008 बैच के IAS ऑफिसर अखिलेश सिंह सहारनपुर के नए जिलाधिकारी बनाए गए हैं। अभी तक सहारनपुर का चार्ज संभाल रहे आलोक कुमार को प्रदेश सचिव चिकित्सा एवं शिक्षा बनाया गया है।
शनिवार शाम को शासन की ओर से 13 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर की सूची जारी की गई थी। इस सूची में सहारनपुर के जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय का भी नाम था। आलोक कुमार पांडेय को प्रदेश सचिव शिक्षा एवं चिकित्सा बनाया गया है और सहारनपुर जिले की कमान शामली के जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को दी गई है।
आलोक कुमार ने वर्ष 2018 में सहारनपुर डीएम के पद पर कार्यभार संभाला था। अपने 21 महीने के कार्यकाल में उन्होंने लोकसभा चुनाव और गंगोह उपचुनाव भी संपन्न कराएं। बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था और प्रबंधन के लिए उन्हें चुनाव आयोग की ओर से सम्मानित भी किया गया था। उनके कार्यकाल में सहारनपुर कई बार नंबर वन रैंकिंग में भी रहा।
अब अखिलेश सिंह के हाथ में सहारनपुर की कमान होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार को अखिलेश सिंह सहारनपुर जिला अधिकारी के पद पर चार्ज लेंगे।अखिलेश सिंह विकास कार्यों के प्रति गंभीर रहते हैं और प्रशासनिक प्रबंधन के साथ साथ उनका पब्लिक रिलेशन अच्छा बताया जाता है।