सहारनपुर

जमीनी विवाद में भारी बवाल; दो समुदायों में पथराव-मारपीट के बाद लाठीचार्ज, गांव छावनी में तब्दील

सहारनपुर के देवबंद इलाके में जमीनी विवाद (Land dispute) में जमकर बवाल हुआ। जमीनी विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए और जमकर पत्थरबाजी (Stone pelting) हुई।
2 min read
May 09, 2026
Land dispute
जमीनी विवाद में बवाल (Image: patrika)

Land dispute: सहारनपुर जिले में देवबंद थाना क्षेत्र के लालवाला गांव में 2 बीघा जमीन के विवाद को लेकर शनिवार को हिंसक विवाद हुआ। जमीनी विवाद में गांव के ठाकुर और अनुसूचित जाति समुदाय के लोग आपस में भिड़ गए। जमीन पर कब्जे को लेकर शुरू हुए विवाद में जमकर पथराव और मारपीट (Stone pelting and fighting) हुई।

गाली-गलौच के बाद पत्थरबाजी

जमीनी विवाद में 2 महिलाओं समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में भारी तनाव है और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। देवबंद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लालवाला गांव में दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से दोनों समुदायों के बीच विवाद चल रहा था।

शनिवार को जब एक पक्ष ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया तो दूसरे पक्ष ने इसका पुरजोर विरोध किया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। विवाद के कारण गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस ने लाठीचार्ज किया

जमीनी विवाद से शुरू हुई पत्थरबाजी और मारपीट से माहौल बिगड़ गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस स्थिति को कंट्रोल करने में नाकाम रही। इसके बाद जिले के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल और प्रांतीय सशस्त्र बल (PAC) को बुलाया गया। स्थिति को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान भी कई लोग चोटिल हो गए।

भीम सेना मौके पर पहुंची, आरोप-प्रत्यारोप तेज

घटना की सूचना मिलते ही भीम सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। अनुसूचित समाज के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के नाम पर एकतरफा लाठीचार्ज किया। वहीं, ठाकुर पक्ष का कहना है कि विवादित जमीन उन्होंने खरीदी हुई है और जब वे कब्जा लेने पहुंचे तो दूसरे पक्ष ने उन पर पथराव शुरू कर दिया।

गांव बना छावनी, प्रशासन अलर्ट

गांव में बवाल के बाद एहतियात के तौर पर भारी बल मौके पर तैनात है। जिला प्रशासन घटनास्थल वाले इलाके पर नजर रखे हुए है। इलाके में शांति कायम करने के लिए पुलिस पुरी तरह सतर्क है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने क्षेत्र में साम्प्रदायिक तनाव की आशंका भी पैदा कर दी है।

Updated on:
09 May 2026 07:03 pm
Published on:
09 May 2026 06:50 pm