
Delimitation Bill: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र और पुराने वादों पर सवाल उठाए तो कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने उन पर पलटवार कर दिया। इमरान ने रवि किशन की पढ़ाई और अभिनय को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि दिक्कत ये है कि रवि किशन भाई पढ़े लिखे नहीं हैं, एक्टिंग करने से अकल तो आती नहीं, एक्टिंग करने से एक्टिंग ही आएगी। वहीं, परिसीमन बिल पर उन्होंने DMK और NCP-SP के संभावित समर्थन को भी राजनीतिक अस्तित्व के लिए खतरा बताया।
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। सपा का चुनावी घोषणा पत्र सामने आने के बाद भाजपा सांसद रवि किशन ने पार्टी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि सपा साल 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 में भी घोषणा पत्र जारी कर चुकी है। रवि किशन ने कहा कि अब जनता झूठे वादों में आने वाली नहीं है। उनके इस बयान पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पलटवार किया। सहारनपुर में उन्होंने कहा कि दिक्कत ये है कि रवि किशन भाई पढ़े लिखे नहीं हैं, एक्टिंग करने से अकल तो आती नहीं, एक्टिंग करने से एक्टिंग ही आएगी।" इमरान के इस बयान के बाद दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है।
दूसरी तरफ परिसीमन बिल को लेकर भी कांग्रेस सांसद ने DMK और NCP-SP के संभावित रुख पर सवाल उठाए हैं। इमरान मसूद का कहना है कि अगर ये दोनों दल संसद में परिसीमन बिल का समर्थन करते हैं तो यह उनके लिए बड़ी राजनीतिक गलती होगी। उन्होंने कहा कि DMK के लिए ऐसा करना ऐतिहासिक गलती साबित हो सकता है, जबकि NCP-SP के लिए यह उसके राजनीतिक अस्तित्व का सवाल बन सकता है।
इमरान मसूद ने परिसीमन बिल को लेकर कहा कि कांग्रेस आखिर तक अपनी कोशिशें जारी रखेगी, क्योंकि यह बिल SC, ST, माइनॉरिटीज और सबसे पिछड़े समुदायों के रिप्रेजेंटेशन को दबा देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि यह पहले से ही कानून का हिस्सा है और इसे लागू किया जाना चाहिए। यह कहकर लोगों को गुमराह न करें कि इस बिल का महिला आरक्षण से कोई लेना-देना है।