Nitish Kumar Rajya Sabha nomination : नीतीश कुमार ने आज राज्यसभा के लिए नामांकन कर दिया है। यूपी की नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर रावण ने इस पर प्रतिक्रिया दी है।
सहारनपुर :सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा जाना चाह रहे हैं या फिर उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। यह समझना बहुत जरूरी है। क्योंकि बीजेपी की हमेशा से यही राजनीति रही है। वह जिसके साथ रहती है उसे कमजोर कर देती है। आप महाराष्ट्र में शिंदे का ही उदाहरण देख लीजिए।
बीजेपी हमेशा से बिहार में अपना मुख्यमंत्री बनाना चाह रही थी। लेकिन, अगर वह चुनाव में इस बात की घोषणा करती तो खेला हो जाता…क्योंकि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार के नाम पर वोट किया है न कि किसी और के। अब यह तो वही लोग जानें कि किस बात पर सीएम नीतीश कुमार को धमकाया या मनाया है यह तो वह ही जानें। यह बातें नगीना से सांसद चंद्रशेखर रावण ने कही।
उन्होंने आगे कहा कि हो सकता है नीतीश कुमार के बेटे को डिप्टी सीएम बना दिया जाए। लेकिन, नीतीश कुमार का मुख्यमंत्री पद छोड़ना बहुत बड़ी बात है। बिहार के अति पिछड़ा लोगों को वह अपना मानते थे। नीतीश कुमार बिहार के चहेते हैं।
नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए आज नामांकन दाखिल कर दिया है। इन सबके बीच पटना में भारी बवाल की स्थिति बन गई है। मुख्यमंत्री आवास के बाहर बड़ी संख्या में जेडीयू के कार्यकर्ता जमा हो गए हैं। जेडीयू कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना अपनी पार्टी के नेताओं को भी करना पड़ रहा है। जेडीयू एमएलसी संजय गांधी को वहां से भागना पड़ा। वहीं, बीजेपी कोटे से मंत्री सुरेंद्र मेहता की गाड़ी जेडीयू समर्थकों ने रोक दी।
नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन कर दिया है। नॉमिनेशन के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री आवास पहुंच गए हैं। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह स्टेट गेस्ट हाउस में बीजेपी और जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं के साथ मीटिंग कर रहे हैं।
नामांकन के बाद अमित शाह ने कहा, 'उनका ये कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा। बिहार के विकास के सारे मायने को उन्होंने गति देने का काम किया। उन्होंने अपने शासनकाल में बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया। उन्होंने न केवल बिहार की सड़कों को गांव तक जोड़ा, उसकी स्थिति में भी सुधार किया। इतने लंबे कार्यकाल में विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री रहते हुए उनके कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा।