प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जल्द ही सहारनपुर के चौसा आम का स्वाद चखेंगे। नोएडा अथॉरिटी के ऑर्डर पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्रियों के लिए आम के 400 स्पेशल डिब्बे सहारनपुर में तैयार हो रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से सहारनपुर के चौसा आम को रखा गया है।
देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके मंत्रिमंडल को भी सहारनपुर का चौसा आम पसंद आया है। जल्द ही पीएम मोदी और राष्ट्रपति सहारनपुर के चौसा आम का स्वाद चखेंगे। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्रियों के लिए आम के 400 स्पेशल डिब्बे सहारनपुर में तैयार हो रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से सहारनपुर के चौसा आम को रखा गया है। सहारनपुर मंडी सचिव सुमन भारती ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चौसा आम प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के लिए भिजवाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्रियों के लिए भी आम भेजने की तैयारी चल रही है।
दरअसल, सहारनपुर का चौसा आम सात समंदर पार तक अपने लाजवाब स्वाद के लिए जाना जाता है। विदेशी लोग सहारनपुर के आम के स्वाद के दीवाने हैं। इस बार बड़ी मात्रा में विदेश से सहारनपुर के आम को लेकर ऑर्डर मिले हैं और यहां मैंगो पैक हाउस में ट्रीटमेंट के बाद सहारनपुर के आम को अलग-अलग देशों में निर्यात किया गया है। बता दें कि सहारनपुर के मैंगो पैक हाउस की क्षमता पांच टन है। यहां वैपर ट्रीटमेंट देने के बाद आम को पैक किया जाता है। एक आम की प्रोसेसिंग में करीब तीन घंटे तक का समय लगता है। एक दिन में यह मैंगो पैक हाउस पांच टन आम को ट्रीटमेंट कर देता है।
लखनऊ महोत्सव में प्रथम आया था सहारनपुर का आम
ज्ञात हो कि हाल ही में लखनऊ में आयोजित हुए आम महोत्सव में सहारनपुर के आम को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था। अब देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के लिए सहारनपुर का आम तैयार हुआ है। इन्हें स्पेशल पैकिंग में प्रधानमंत्री को भेजा जा रहा है, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी सहारनपुर के आम का स्वाद ले सकें।
नोएडा अथॉरिटी के ऑर्डर पर तैयार हो रहे स्पेशल पैक
नोएडा अथॉरिटी की डिमांड के बाद सहारनपुर मैंगो पैक हाउस सहारनपुर के आम की अलग-अलग प्रजातियों को प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के लिए भेजा जा रहा है। नोएडा अथॉरिटी की तरफ से ही 400 डिब्बे केंद्रीय मंत्रियों के लिए तैयार कराए गए हैं।