
UP crime news : रायसत्ती थाना क्षेत्र के मोहल्ला जगत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है , जहां एक तरफ घर में बेटी की डोली उठने की तैयारी चल रही थी और पूरा परिवार खुशी में डूबा था, वहीं उसी वक्त 16 साल के किशोर हमजा ने फांसी लगाकर जान दे दी। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
मुकीम खां के बेटे हमजा की बहन की शादी रविवार को थी। घर में मेहमानों की चहल-पहल थी और विदाई की रस्में चल रही थीं। हमजा सुबह से ही मैरिज हॉल में व्यवस्थाएं संभालने में जुटा था और काफी खुश नजर आ रहा था। दोपहर के वक्त वह किसी काम से मैरिज हॉल से घर के लिए निकला। शाम करीब चार बजे जब पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा और अंदर जाकर देखा, तो हमजा दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ था। जल्दी -जल्दी में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया
पड़ोसियों ने इस घटना की सूचना परिजनों को दी। जब परिवार के लोग पहुंचे तो किशोर की मौत हो चुकी थी। पीड़ित पिता ने बताया कि बेटी की विदाई हो चुकी थी और मेहमान भी वापस लौट रहे थे। तभी उन्हें बेटे के फंदे से लटके होने की खबर मिली। इस घटना के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। किशोर ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर कोई भी कुछ समझ नहीं पा रहा है।
थाना प्रभारी निशांत राठी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है क्योंकि किशोर के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ और ना ही परिवार में किसी तरह के विवाद की बात सामने आई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।