सम्भल

मंदिर में श्रद्धालु की चेन लूटकर भागी महिला आखिरकार गिरफ्तार, चेन को 54 हजार में बेच आई थी महिला

Sambhal News: संभल के प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में महिला श्रद्धालु की सोने की चेन लूटने की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बिजनौर निवासी एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया।
2 min read
Nov 04, 2025
chain snatching mahakaleshwar temple woman arrested
मंदिर में श्रद्धालु की चेन लूटकर भागी महिला आखिरकार गिरफ्तार | Image Source - 'FB' @SambhalPolice

Chain snatching woman arrested in Sambhal: संभल पुलिस ने प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में महिला श्रद्धालु की सोने की चेन लूटने के मामले में फरार चल रही एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सावन माह में भारी भीड़ के बीच हुई थी, जिसके बाद आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर थी। मंगलवार को पुलिस ने उसे दबोचकर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।

चेन को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर 54 हजार में बेच आई थी महिला

इंस्पेक्टर संजीव कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिजनौर के नूरपुर के मोहल्ला इस्लामनगर निवासी राखी पत्नी वीरू के रूप में हुई है। पूछताछ में राखी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी की गई सोने की चेन को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति को 54,000 रुपये में बेचा था। पुलिस ने उसके पास से 12,090 रुपये भी बरामद किए हैं।

सावन में पूजा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर तोड़ी थी चेन

यह घटना 8 अगस्त, 2025 की है, जब थाना असमोली क्षेत्र के भूड़ा बेगमपुर निवासी प्रभात कुमार अपनी पत्नी के साथ फतेहपुर भाऊ स्थित प्राचीन श्रीप्रकटेश्वर महादेव मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। उनकी शिकायत के अनुसार, भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिलाओं ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन तोड़ ली। इसके बाद नखासा थाना पुलिस ने BNSS की धारा 304(2) और 317(2) के तहत केस दर्ज किया था।

चेन बिक्री की रकम का हिस्सा पुलिस ने किया बरामद

गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी महिला ने अन्य धार्मिक स्थलों या भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है। बरामद की गई नकदी और स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की तहकीकात कर रही है, ताकि इस प्रकार की लगातार हो रही चेन स्नेचिंग पर लगाम लगाई जा सके।

Published on:
04 Nov 2025 11:13 pm