Sambhal News: यूपी के संभल दौरे पर पहुंचे यूपी सरकार के राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सपा शासन में माफियाओं का जमीनों पर कब्जा था, जबकि मौजूदा सरकार जनता की सुरक्षा और विकास के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रही है।
Dharamveer prajapati slams akhilesh yadav sambhal: संभल दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुन रही है और समाधान कर रही है, जबकि विपक्ष सिर्फ सत्ता के सपने देख रहा है।
मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा, विकास और विश्वास है और इसी सोच के साथ भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उसी दिशा में काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांवों, कस्बों और शहरों में धरातल पर दिख रही हैं। विकास कार्यों से जनता का भरोसा बढ़ा है और लोग खुद महसूस कर रहे हैं कि सरकार उनके हित में फैसले ले रही है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के 100 विधायक लाकर मुख्यमंत्री बनने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल ख्वाब देख रहा है। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि तब भी विपक्ष बड़े-बड़े दावे कर रहा था। पहले चरण के मतदान के बाद विपक्षी नेता जीत के भ्रम में थे, लेकिन जब नतीजे आए तो जनता ने भाजपा के चुनाव चिन्ह ‘कमल’ को ऐतिहासिक जीत दिलाई और विपक्ष को सत्ता दूरबीन से भी दिखाई नहीं दी।
मंत्री प्रजापति ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में जमीनों पर माफियाओं का कब्जा आम बात थी, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद अवैध कब्जों पर कार्रवाई तेज हुई है और कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मंत्री के अनुसार, मौजूदा सरकार का लक्ष्य जनता की धन-संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना और माताओं-बहनों को भयमुक्त वातावरण देना है, ताकि लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार मिलकर जमीनी स्तर पर लगातार काम कर रहे हैं। कार्यकर्ता ग्राम चौपाल के जरिए लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं और स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और 2027 में पार्टी 2017 से भी अधिक बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
मंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष चुनावी मौसम में ही जनता के बीच नजर आता है, बाकी समय केवल सोशल मीडिया और ट्वीट तक सीमित रहता है। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष की सरकार होती है, तो वे अपने नेताओं पर नियंत्रण नहीं रख पाते, जिससे जनता को नुकसान झेलना पड़ता है। यही कारण है कि जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और आने वाले चुनावों में भी भाजपा को समर्थन देने का मन बना लिया है।