सम्भल

बुलडोजर राजनीति पर इकबाल महमूद का पलटवार: तोगड़िया से पूछा- देश के लिए क्या बनाया, सिर्फ तोड़ना ही समाधान..

UP News: संभल से सपा विधायक इकबाल महमूद ने बुलडोजर कार्रवाई का समर्थन करने वाले प्रवीण तोगड़िया पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विकास बनाम विनाश की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में नफरत और तोड़फोड़ की सोच के लिए कोई जगह नहीं है।

2 min read
Jan 11, 2026
iqbal mahmood attack on togadia bulldozer up
बुलडोजर राजनीति पर इकबाल महमूद का पलटवार | Image - FB/@nawabiqbalmehmood

UP Politics News In Hindi: उत्तर प्रदेश के संभल से समाजवादी पार्टी के विधायक इकबाल महमूद ने बुलडोजर कार्रवाई का समर्थन करने वाले प्रवीण तोगड़िया पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज देश विकास और तरक्की की राह पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन कुछ लोग नफरत और विध्वंस की राजनीति के जरिए इस प्रगति को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि अगर बुलडोजर इतना ही पसंद है तो उस पर बैठकर आते, केवल बयानबाज़ी से देश नहीं चलता।

विकास बनाम विनाश की राजनीति पर सवाल

इकबाल महमूद ने सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक तोगड़िया ने समाज और देश के लिए क्या निर्माण किया है। क्या उन्होंने बच्चों की शिक्षा के लिए कॉलेज बनवाए, युवाओं के लिए टेक्निकल संस्थान खुलवाए या गरीबों के लिए आवास की व्यवस्था करवाई। विधायक ने कहा कि सिर्फ तोड़ने की सोच से कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता, असली राष्ट्रनिर्माण निर्माण से होता है, न कि बुलडोजर की राजनीति से।

“भारत पसंद नहीं तो नेपाल जाने की सलाह”

विधायक ने अपने बयान में साफ शब्दों में कहा कि अगर किसी को हिंदुस्तान पसंद नहीं है, तो उसे यहां नफरत फैलाने के बजाय नेपाल चले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हमेशा पाकिस्तान जाने की बात करते हैं, तो अब जवाब में हम नेपाल जाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह देश सबका है और यहां विभाजनकारी सोच के लिए कोई जगह नहीं है।

धर्म और भेदभाव पर स्पष्ट रुख

इकबाल महमूद ने कहा कि किसी भी धर्म की किताब भेदभाव और नफरत की शिक्षा नहीं देती। सभी धर्म इंसानियत, भाईचारे और समानता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर लोगों को बांटना देश के मूल विचारों के खिलाफ है और इससे सामाजिक ताना-बाना कमजोर होता है।

धार्मिक स्थलों और अधिकारों पर संतुलित बयान

विधायक ने अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा कि अगर अयोध्या का विकास करना है तो जरूर कीजिए, लेकिन साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी समुदायों को अपने धार्मिक स्थलों को संवारने और सुरक्षित रखने का समान अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबको बराबरी का हक है और किसी एक वर्ग को निशाना बनाकर राजनीति करना देशहित में नहीं है।

Published on:
11 Jan 2026 05:11 pm