सम्भल

Sambhal News: ओवरहेड टैंक ट्रायल के दौरान बड़ा हादसा, पाइप फटने से पुलिस चौकी और स्कूल में घुसा पानी, टीम ने दो घंटे में रोका बहाव

Sambhal News: संभल जिले के गुन्नौर में ओवरहेड टैंक का ट्रायल करते समय बड़ा हादसा हो गया। पाइप फटने से पुलिस चौकी, स्कूल और गलियों में पानी भर गया। जल निगम की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद बहाव पर काबू पाया। घटना के बाद इलाके में जलभराव की स्थिति बनी रही।
2 min read
Jul 03, 2025
Major accident during overhead tank trial in sambhal
Sambhal News: ओवरहेड टैंक ट्रायल के दौरान बड़ा हादसा | Image Source - Social Media

Major accident during overhead tank trial in sambhal: यूपी के संभल जिले की गुन्नौर तहसील के बबराला नगर पंचायत क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 6:30 बजे ओवरहेड टैंक का ट्रायल चल रहा था। इसी दौरान अचानक पाइप फट गया, जिससे पानी का तेज बहाव पुलिस चौकी, शांति देवी विद्यालय और आसपास की गलियों में घुस गया।

पुराना टैंक, 10 साल से बंद थी पानी की सप्लाई

चार दशक पुराने इस ओवरहेड टैंक से पिछले 10 वर्षों से जल आपूर्ति बंद थी। उत्तर प्रदेश सरकार की योजना के तहत इस टैंक की सफाई और मरम्मत कर पानी सप्लाई का ट्रायल शुरू किया गया था, लेकिन ट्रायल के दौरान ही पाइपलाइन टूट गई।

जल निगम की टीम ने दो घंटे में रोका बहाव

घटना की सूचना मिलते ही जल निगम की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पानी के बहाव को नियंत्रित किया गया। हालांकि तब तक पुलिस चौकी सहित कई गलियों में जलभराव हो गया था, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हुई।

गुरुवार सुबह तक बनी रही जलभराव की स्थिति

हादसे के अगले दिन गुरुवार सुबह तक पुलिस चौकी, शांति देवी विद्यालय और मोहल्लों की गलियों में पानी भरा रहा। इससे स्कूल की गतिविधियां भी प्रभावित हुईं और स्थानीय लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

ईओ बोले- पाइपलाइन की मरम्मत जल्द होगी पूरी

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमरेश तिवारी ने बताया कि पाइपलाइन में रिसाव की समस्या थी, जिसे फिलहाल नियंत्रित कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पाइप की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही पानी की सप्लाई फिर से शुरू की जाएगी। साथ ही नगर पंचायत की टीम जलभराव की समस्या को खत्म करने में जुटी हुई है।

Updated on:
03 Jul 2025 11:02 am
Published on:
03 Jul 2025 11:02 am