6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

UP के संभल में हादसा, ट्रक-टेंपो की टक्कर में 4 लोगों की मौत, 6 गंभीर घायल

Sambhal Highway Accident: संभल में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर डंपर और टेंपो की भीषण टक्कर में दो मासूम बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Ankit Sai

Sep 06, 2026

Sambhal Accident

Photo Source - IANS

Sambhal Road Accident: संभल में रविवार सुबह आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बम्नेटा गांव के पास मौरंग-बालू से लदे डंपर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो मासूम बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।

दिव्यांग को बचाने में बिगड़ा संतुलन

पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी जनपद सम्भल ने बताया कि टेंपो में कई लोग सवार थे और वह बहजोई से सवारियां लेकर चंदौसी की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि हाईवे पर ट्राईसाइकिल से जा रहे एक दिव्यांग व्यक्ति को बचाने के प्रयास में टेंपो अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान सामने से आ रहे मौरंग-बालू से लदे डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में 3-3 साल के दो मासूम बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

मौके पर मची चीख-पुकार

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और टेंपो में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया। गंभीर हालत वाले घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया।

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतकों और घायलों की पहचान शुरू कर दी। एक घायल किशोर की पहचान बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा गांव निवासी के रूप में बताई जा रही है, हालांकि उसका नाम और पूरा पता अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे की वजह की जांच शुरू

पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और डंपर की रफ्तार कितनी थी। बहजोई के सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि हादसे में पुलिस की प्राथमिकता घायलों को समय से उपचार दिलाना है। मृतकों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।