Crime News: समाजवादी पार्टी के सांसद के बहनोई डॉक्टर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है। पीड़ित नर्स का कहना है कि उसे ब्लैकमेल कर गर्भपात भी कराया गया।
Crime News: उत्तर प्रदेश के संभल (Sambhal) में समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क (Ziaur Rahman Barq) के बहनोई डॉ. जैद वारसी पर एक नर्स ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि डॉक्टर ने उसे नशीली दवा देकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उसी वीडियो के जरिए करीब 3 साल तक उसे ब्लैकमेल किया जाता रहा और उसके साथ रेप किया गया।
नर्स की शिकायत पर पुलिस ने डॉक्टर जैद वारसी और उसके पिता के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। मामले को लेकर ASP कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि डॉ. जैद वारसी का बिस्मिल्लाह नाम से अस्पताल संचालित है। मुरादाबाद की रहने वाली एक नर्स ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने 7 दिसंबर 2022 को बिस्मिल्लाह अस्पताल में नर्स के रूप में काम शुरू किया था। डॉ. जैद ने उसे अस्पताल के ऊपर ही रहने के लिए एक कमरा दे दिया था।
नर्स का आरोप है कि 15 दिसंबर 2022 को उसकी तबीयत खराब होने पर डॉ. जैद उसके कमरे में पहुंचे और दवा देने के बहाने उसे नशीली दवा दे दी। आरोप है कि इसके बाद बेहोशी की हालत में उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए गए। पीड़िता के मुताबिक, अगले दिन होश में आने पर डॉक्टर ने उसे वही फोटो और वीडियो दिखाकर धमकाया। उसने कहा कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो उसे नौकरी से निकाल दिया जाएगा और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर लगातार उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करता रहा। उसने शिकायत में कहा है कि कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई और गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराया गया। पीड़िता के अनुसार, डॉक्टर उसे कई बार अलग-अलग शहरों—नैनीताल, हल्द्वानी, बरेली और रामपुर में भी ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया जाता रहा। पीड़िता का कहना है कि यह सिलसिला 19 अगस्त 2024 तक चलता रहा।
युवती ने इसके बाद नौकरी छोड़ दी और मुरादाबाद में काम करने लगी, लेकिन आरोप है कि डॉक्टर लगातार उसे धमकाकर शोषण करता रहा। पीड़िता के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2025 को डॉक्टर ने उसे संभल बुलाया, जहां उसके साथ फिर दुष्कर्म किया गया और उसे गर्भ निरोधक गोलियां भी खिलाई गईं। लगातार शोषण और दवाओं के असर से पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई और वह अवसाद में चली गई। जब पीड़िता ने पूरी घटना अपनी मां को बताई तो उसकी मां उसे लेकर अस्पताल पहुंचीं। जहां डॉक्टर जैद और उसके पिता ने गाली-गलौज कर उन्हें भगा दिया। जिसके बाद उसने FIR दर्ज कराई।