
CNG Van Fire Sambhal: संभल जिले के आगरा-मुरादाबाद हाईवे स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पेट्रोल भरवाने आई गैस किट लगी मारुति वैन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि पूरा पंप परिसर दहशत में आ गया। गनीमत रही कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना गुन्नौर तहसील के थाना धनारी क्षेत्र के भकरौली गांव स्थित पेट्रोल पंप की है। जानकारी के अनुसार, गैस किट लगी एक मारुति वैन पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर पहुंची थी। जैसे ही कर्मचारी तेल भरने लगे, अचानक वैन के इंजन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही सेकंड में आग की लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
आग तेजी से फैलती देख पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तुरंत फायर इंस्ट्रूमेंट से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में कर्मचारियों और कुछ स्थानीय लोगों ने जोखिम उठाते हुए जलती हुई वैन को धक्का देकर और खींचकर पेट्रोल पंप से दूर एक खाली मैदान में पहुंचा दिया। उनकी इस बहादुरी से पंप पर खड़े अन्य वाहनों और टैंकों तक आग पहुंचने से बच गई।
मैदान में पहुंचने के बाद वैन पूरी तरह आग का गोला बन गई और करीब एक घंटे तक लगातार जलती रही। आग इतनी भयानक थी कि पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों की मदद और प्रयासों के बाद करीब दो घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि घटना की औपचारिक सूचना उन्हें नहीं दी गई थी, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान लिया गया है। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग कैसे लगी और वैन किसकी थी।