Highlights -महिला का पति अहमदाबाद में सिलाई का कारखाना चलाता है -बीस दिन पहले दोनों में हो गया था विवाद, जिसमें पति ने दे दिया था तलाक -महिला प्राइवेट वाहन से संभल बहन के घर पहुंची थी
संभल: जनपद में एक गर्भवती महिला के कोरोना संक्रमित आने से हर कोई हैरान है। पति के तलाक देने के बाद अकेले अहमदाबाद से किसी तरह अपने रिश्तेदारों के पास पहुंची तो उसे क्वारंटाइन कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने अब महिला के पति और बहनोई की तलाश शुरू कर दी है। इसके साथ जो लोग महिला के साथ डीसीएम में सवार थे उनको भी तलाशा जा रहा है।
बीस दिन पहले पति ने दिया तलाक
महिला से जानकारी मिली है कि उसका पति अहमदाबाद में सिलाई का कारखाना चलाता था। दोनों के बीच विवाद होने पर लगभग 20 दिन पहले पति ने उसे तलाक दे दिया। तब महिला ने सोचा कि वापस संभल लौट जाएगी तो मायके के लोगों के साथ रहने के दौरान मामला सुलझ जाएगा। उसने वापस संभल लौटने का मन बनाया, लेकिन हालात कुछ और ही बन गए। जिस डीसीएम में सवार होकर महिला संभल पहुंची उसमें करीब तीन दर्जन लोग सवार थे। महिला का मायका मंडलाई का है, लेकिन वह बहन के घर रायसत्ती में रुकी। दो दिन रुकने के बाद बहनोई उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। सैंपल जांच के लिए भेजा गया तो महिला की पॉजिटिव रिपोर्ट मिली।
बहनोई और पति की तलाश
स्वास्थ्य विभाग के डा. नीरज शर्मा ने बताया कि महिला के संपर्क में आए लोगों को सैंपलिंग के लिए ट्रेस कर लिया है लेकिन उसका बहनोई घर पर नहीं मिला है। वहीँ अब महिला के पति के बारे में जानकारी मिली है कि वह भी वापस अपने गांव पल्था लौट आया है। दोनों को तलाश कर उनका भी सैम्पल लिया जाएगा।