सम्भल

अलविदा जुमा की नमाज को लेकर संभल में हाई अलर्ट, मस्जिद के बाहर नमाज पर पूरी तरह रोक

Sambhal News: संभल में अलविदा जुमा की नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पीस कमेटी की बैठक में अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए कि मस्जिद के बाहर, सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज की अनुमति नहीं है।

2 min read
Mar 12, 2026
अलविदा जुमा की नमाज को लेकर संभल में हाई अलर्ट | Image - FB/@SambhalPolice

Alvida Juma Namaz Sambhal: अलविदा जुमा की नमाज को लेकर संभल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहार के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं। इसी क्रम में कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों ने मुस्लिम धर्मगुरुओं और शहर के गणमान्य लोगों के साथ विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि किसी भी स्थिति में मस्जिद के बाहर या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ये भी पढ़ें

सऊदी अरब में मिसाइल हमले में मुरादाबाद का युवक गंभीर रूप से घायल, ICU में भर्ती, परिवार में मचा कोहराम

त्योहार से पहले शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारी

कोतवाली परिसर में आयोजित इस बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और सीओ असमोली कुलदीप सिंह ने स्थानीय धर्मगुरुओं, समाजसेवियों और शहर के संभ्रांत लोगों के साथ संवाद किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य अलविदा जुमा और आगामी ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा। अधिकारियों ने सभी समुदायों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की और सहयोग की अपेक्षा जताई।

मस्जिद के बाहर या सड़क पर नमाज की अनुमति नहीं

बैठक में सीओ कुलदीप सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अलविदा जुमा की नमाज केवल मस्जिदों के अंदर ही अदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में मस्जिद के बाहर, सड़क या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यदि किसी मस्जिद में नमाजियों की संख्या अधिक हो जाती है तो उसी स्थान पर दूसरी बार नमाज अदा कराई जा सकती है, लेकिन सार्वजनिक स्थलों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर नारेबाजी या बयानबाजी पर भी रोक

प्रशासन ने बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट किया कि नमाज के दौरान किसी भी तरह के अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर नारेबाजी या बयानबाजी नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा ईरान या इजरायल जैसे मुद्दों के समर्थन में नारे लगाए जाते हैं या माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही लाउडस्पीकर के उपयोग को भी निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार ही सीमित रखने के निर्देश दिए गए।

मस्जिद के चबूतरे पर नमाज की मांग भी नहीं मानी गई

बैठक के दौरान जियाउद्दीन नामक एक व्यक्ति ने अधिकारियों से मस्जिद के चबूतरे पर नमाज अदा करने की अनुमति देने का अनुरोध किया, लेकिन इस पर भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। सीओ कुलदीप सिंह ने स्पष्ट कर दिया कि मस्जिद परिसर के अलावा कहीं भी नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने कहा कि यदि किसी मकान में परिवार के सदस्य मिलकर नमाज पढ़ते हैं तो इसमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन बाहरी लोगों को बुलाकर सामूहिक नमाज अदा कराना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

समाज के लोगों ने दिया प्रशासन को सहयोग का भरोसा

बैठक के अंत में उपस्थित धर्मगुरुओं और शहर के लोगों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे सभी निर्देशों का पालन करेंगे और अलविदा जुमा व ईद का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि शहर में अमन और व्यवस्था बनी रहे।

Also Read
View All

अगली खबर