सम्भल

चेहल्लुम जुलूस में बेकाबू सांड ने मचाई अफरा-तफरी, उठा उठाकर पटका, 12 लोग घायल, पुलिसवाले भी जान बचाकर भागे

Sambhal Chehallum News: संभल में चेहल्लुम जुलूस के दौरान बेकाबू सांड ने अफरा-तफरी मचा दी। आधे घंटे तक भीड़ में दौड़ते हुए सांड ने कई लोगों को पटककर घायल कर दिया। हादसे में 12 लोग जख्मी हुए, जबकि एक युवक की हालत गंभीर है। पुलिसकर्मी भी सांड से बचने के लिए भागते नजर आए।
2 min read
Aug 16, 2025
sambhal chehallum procession bull attack 12 injured police fled
चेहल्लुम जुलूस में बेकाबू सांड ने मचाई अफरा-तफरी | यह सांकेतिक तस्वीर है।

Sambhal chehallum procession bull attack 12 injured police fled: यूपी के संभल जिले में चेहल्लुम के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे नक्खासा चौराहे पर हजारों लोगों की भीड़ मातम कर रही थी। तभी अचानक एक बेकाबू सांड जुलूस में घुस आया। सांड ने देखते ही लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया और भीड़ में भगदड़ मच गई।

आधे घंटे तक दौड़ता रहा सांड

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांड ने करीब आधे घंटे तक जुलूस में उत्पात मचाया। सामने आने वाले लोगों को वह उठा-उठाकर पटकता रहा। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। एक युवक के चेहरे पर सांड ने सींग मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल को गोद में उठाकर भागे लोग

सांड के हमले में घायल युवक को मौके पर मौजूद लोग गोद में उठाकर अस्पताल की ओर भागे। जानकारी के अनुसार, युवक को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि युवक की स्थिति अब खतरे से बाहर है।

12 लोग घायल, एक की हालत गंभीर

इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। बाकी लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घटना का एक 8 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि लोग सांड से बचने के लिए भाग रहे हैं और भगदड़ का माहौल बना हुआ है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चेहल्लुम जुलूस की सुरक्षा के लिए संभल कोतवाली, नक्खासा, रायशक्ति और हयातनगर थानों से करीब 100 पुलिसकर्मी तैनात थे। लेकिन सांड के उत्पात के दौरान पुलिसकर्मी सांड को पकड़ने या खदेड़ने के बजाय खुद जान बचाकर भागते नजर आए। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

सीओ संभल सिटी ने लिया हालात का जायजा

हादसे की जानकारी मिलते ही सीओ संभल सिटी आलोक भाटी देर रात निजी अस्पताल पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि युवक के चेहरे पर गंभीर चोट आई है लेकिन फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

Updated on:
16 Aug 2025 12:16 pm
Published on:
16 Aug 2025 12:16 pm