सम्भल

घना कोहरा बना आफत: जनजीवन ठप, विजिबिलिटी शून्य; ट्रेनें 5 घंटे लेट, स्कूलों में 2 दिन की छुट्टी

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल में घने कोहरे और शीतलहर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। विजिबिलिटी शून्य होने से ट्रेनें 4-5 घंटे लेट रहीं, सड़क यातायात प्रभावित हुआ और हालात को देखते हुए स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
2 min read
Dec 19, 2025
sambhal dense fog zero visibility trains delayed schools closed cold wave news
घना कोहरा बना आफत | AI Generated Image

Dense Fog Zero Visibility Sambhal UP: यूपी के संभल जिले में शुक्रवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे पूरे जिले में दृश्यता लगभग शून्य हो गई। कोहरे के चलते सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 223 तक पहुंच गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक स्थिति दर्शाता है। सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही और लोग मजबूरी में घरों में दुबके नजर आए।

रेल यातायात पर कोहरे की मार, यात्री परेशान

घने कोहरे का सीधा असर रेल यातायात पर भी देखने को मिला। जनसाधारण एक्सप्रेस और लिंक एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें 4 से 5 घंटे की देरी से चलती रहीं। चंदौसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को खुले में घंटों इंतजार करना पड़ा। ठंड से बचाव के लिए यात्री कंबल ओढ़े नजर आए।

शीतलहर के चलते स्कूलों में दो दिन का अवकाश

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। परीक्षाओं को छोड़कर जिले के सभी बोर्ड के स्कूलों में नर्सरी से इंटरमीडिएट तक की कक्षाओं के लिए दो दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले 17 दिसंबर को बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया था, लेकिन मौसम की गंभीरता को देखते हुए अब अवकाश का निर्णय लिया गया।

अलग-अलग इलाकों में तापमान का हाल

शुक्रवार सुबह 7 बजे संभल का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं चंदौसी, नरौली और बहजोई में तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। गुन्नौर, सिरसी, बबराला, गंवा, जुनावई, असमोली और पंवासा क्षेत्रों में तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव जलाते नजर आए, जिनकी व्यवस्था नगर निकायों द्वारा की गई है।

सड़कों पर रेंगते वाहन, लोगों की बढ़ी मुश्किलें

घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रही, जिसके चलते लोग बेहद सावधानी से वाहन चलाते दिखे। दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने की संभावना जताई जा रही है, जिससे अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Updated on:
19 Dec 2025 09:24 am
Published on:
19 Dec 2025 09:24 am