सम्भल

संभल में दिवाली पर पथराव! बच्चों के झगड़े से बड़ा विवाद, छह घायल, पुलिस और आरआरएफ ने संभाली स्थिति

Sambhal News: यूपी के संभल में दिवाली की रात बच्चों के झगड़े से दो समुदायों में पथराव हो गया। झगड़े में छह लोग घायल हुए और इलाके में भगदड़ मच गई। पुलिस और आरआरएफ ने तुरंत स्थिति काबू में की और गांव में शांति बनाए रखने के लिए जवान तैनात किए गए।
less than 1 minute read
Oct 22, 2025
sambhal diwali fireworks clash two communities injured rrf deployed
संभल में दिवाली पर पथराव! बच्चों के झगड़े से बड़ा विवाद | Image Source - 'X'

Sambhal News Hindi Today: संभल के बनियाठेर क्षेत्र में सोमवार की रात दिवाली के त्योहार की खुशियों के बीच एक डरावनी घटना सामने आई। अहमदनगर थरैसा गांव में बच्चों के बीच आतिशबाजी को लेकर शुरू हुआ मामूली झगड़ा दो समुदायों के बड़े विवाद में बदल गया। इस झगड़े में बच्चों और महिलाओं समेत कुल छह लोग जख्मी हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया। घायल लोगों का तत्काल इलाज कराया गया। घटना के बाद पुलिस और आरआरएफ के जवान गांव में तैनात कर दिए गए ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

बच्चों का झगड़ा बना दो समुदायों का विवाद

विवाद की शुरूआत धर्मपाल जाटव के घर पर 12 वर्षीय धेवता तनिष्क के आतिशबाजी करने से हुई। वहीं, दूसरे समुदाय का बच्चा सादिक भी इस उत्सव में शामिल होने आया। दोनों बच्चों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ।

झगड़े के बढ़ते ही उनके परिजन भी आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव शुरू हो गया। इस दौरान घायल हुए लोगों में तनिष्क और मित्रपाल भी शामिल हैं।

शांति बनाए रखने की अपील

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और सीओ मनोज कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बावजूद, एक पक्ष के धर्मपाल सिंह ने सादिक और आरिफ सहित सात लोगों के खिलाफ तहरीर देने की कोशिश की।

थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से औपचारिक तहरीर नहीं मिली है। शांति बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस और आरआरएफ के जवान गांव में तैनात किए गए हैं। वहीं कुछ स्थानीय लोग आपसी समझौते की पहल में जुटे हैं।

Published on:
22 Oct 2025 08:22 pm